कोडरमा में आइसोलेशन वार्ड से कोरोना संदिग्ध फरार, मुंबई से लौटा था युवक Koderma News
Jharkhand. मुंबई के रेड जोन से लौटने के बाद उसे प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था जहां से उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे 27 मई को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था।
कोडरमा, जासं। कोडरमा सदर अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक मरीज फरार हो गया है। फिलहाल इसकी सूचना कोडरमा थाना को दे दी गई है और फरार हुए युवक की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक आइसोलेशन वार्ड से फरार युवक चंदवारा प्रखंड के बेंदी पंचायत का रहने वाला है और वह 17 मई को मुंबई से वापस लौटा था। मुंबई के रेड जोन से लौटने के बाद उसे प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था, जहां से उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे 27 मई को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था।
इससे पहले भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक संदिग्ध मरीज फरार हो चुका है। पिछले दिनों फरार हुआ संदिग्ध मरीज बिहार के नवादा का रहने वाला था। आइसोलेशन वार्ड से मरीज के भागे जाने को लेकर सुरक्षा का हवाला दिया जा रहा है। हालांकि आइसोलेशन वार्ड के बाहर सुरक्षा गार्ड की तैनाती जरूर की गई है लेकिन उसकी लापरवाही का फायदा उठाकर दूसरी बार आइसोलेशन वार्ड से मरीज फरार हुए हैं।