मिशन वन मिलियन स्माइल्स : स्वैच्छिक सहभागिता के लिए आगे आ रहे संगठन
विभिन्न 20 सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर अनूठा अभियान शुरू किया था। इसके बाद रोज नए संगठन और आम नागरिक इस अभियान से जुड़ रहे हैं। रियल इस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन (क्रेडाई) की रांची शाखा अंत्योदय परिवारों के बच्चों को 50000 गर्म टोपी मोजा आदि उपलब्ध करवाएगी।
रांची (जागरण संवाददाता) । सामाजिक सहभागिता से जरूरतमंद लोगों को इस ठंड में गर्म कपड़े उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की सामुदायिक पहल से कई सामाजिक संगठन जुड़ रहे हैं।
पिछले हफ्ते जिले के विभिन्न 20 सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर यह अनूठा अभियान शुरू किया था। इसके बाद रोज नए संगठन और आम नागरिक इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
रियल इस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन (क्रेडाई) की रांची शाखा भी स्वैच्छिक रूप से इस मुहिम में भागीदार बनी। उक्त संस्था रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले अंत्योदय परिवारों के बच्चों को 50,000 गर्म टोपी मोजा आदि उपलब्ध करवाएगी। क्रेडाई रांची के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने उपायुक्त छवि रंजन के आग्रह पर स्वैच्छिक रूप से अपनी संस्था की ओर से उपरोक्त जिम्मेदारी ली। विजय अग्रवाल ने उपायुक्त को प्रतीकात्मक रूप में गर्म मोजे और गर्म टोपियों के कुछ पैकेट उपलब्ध कराए।
वहीं डोरंडा ओल्ड जेवेरियंस (डोक्स) वर्ष 1995 बैच के पूर्व छात्रों ने इस अभियान में अपनी सहभागिता स्वरूप सामूहिक रूप से 1000 कंबल उपायुक्त को सौपे। इस दौरान उप समाहर्ता संजय कुमार, डोरंडा ओल्ड जेवेरियंस के सदस्यगण डाक्टर नीतेश प्रिया, उत्सव पाराशर, कालीचरण अग्रवाल, नितेश शारदा, अंकुर जैन, हितेन परमार आदि मौजूद थे।