गढ़वा में अपहरण कर लड़की के साथ दुष्कर्म, दो आरोपी पुलिस हिरासत में Garhwa News
Jharkhand Garhwa Crime News बताया गया कि गढ़वा के रमकंडा में नाबालिग लड़की शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान दो युवकों ने गमछा से मुंह बांधकर लड़की को उठा लिया और पहाड़ में ले जाकर दुष्कर्म किया।
रमकंडा (गढ़वा), जासं। Jharkhand Garhwa Crime News गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की के साथ अपहरण कर दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पीड़िता की मां ने पथलगड़वा गांव निवासी श्रवण यादव व प्रमोद यादव पर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए रमकंडा थाना में लिखित शिकायत की है। वहीं शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को नाबालिग लड़की को टिकुलटांड़ से बरामद कर लिया।
मंगलवार को रमकंडा थाना पहुंचे पीड़िता की मां ने बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे वह अपनी बेटी के साथ शौच के लिए बाहर निकली थी। आरोप लगाया कि इसी दौरान गांव के ही उक्त दोनों युवकों ने गमछा से मुंह बंद कर उसकी बेटी को खींचकर ले जाने लगे। अकेले होने के कारण उसने घर के अन्य परिजनों को बुलाने की गुहार लगाई। तब तक आरोपी उसकी बेटी को लेकर गांव के ही पहाड़ की ओर निकल गए थे। गुहार लगाने के बाद पहुंचे परिजनों सहित अन्य ग्रामीणों ने पहाड़ की ओर जाकर लड़की की खोजबीन की। लेकिन लड़की का पता नहीं चला।
बताया कि घटना के दूसरे दिन रमकंडा थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को टिकुलटांड़ से उसकी बेटी को बरामद कर लिया। पीड़िता की मां ने बताया कि बरामद होने के बाद उसकी बेटी ने एक आरोपी द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात कही है। इस संबंध में पूछे जाने पर केस इंचार्ज केसो सिंह ने कहा कि शिकायत के बाद लड़की को बरामद कर लिया गया है। वहीं आरोपियों को हिरासत में रखा गया है। पूरे मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।