जिस महिला के साथ लिव इन में रहता था, उसकी बेटी से किया दुष्कर्म Ranchi News
Jharkhand Latest News रांची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। किशोर बड़ाईक की प्रेमिका जब काम करने के लिए घर से बाहर जाती थी तब वह उसकी नाबालिग बेटी से घर में जबरन दुष्कर्म करता था।
रांची, जासं। झारखंड की राजधानी रांची की सदर थाने की पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित कोकर गीतिल कोचा निवासी है। जानकारी के अनुसार किशोर बड़ाईक ने उस नाबालिग से दुष्कर्म किया है जिसकी मां आरोपित के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
किशोर बड़ाईक की प्रेमिका जब काम करने के लिए घर से बाहर जाती थी तब उसकी नाबालिग बेटी से जबरन दुष्कर्म करता था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद नाबालिग बेटी को लेकर महिला सदर थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को गिरफ्तार कर लिया है।
चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित बुजुर्ग गया जेल
रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू विद्यानगर में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपित दीनानाथ शर्मा (60) को गुरुवार को जेल भेज दिया गया है। वरीय पुलिस अधिकारियों की चेतावनी के बाद एक बार फिर दुष्कर्म जैसे मामले में सुखदेवनगर थानेदार की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित करने में लापरवाही की। बच्ची के कपड़े व बिस्तर जब्त नहीं किए गए जिसे एफएसएल जांच के लिए भेजा जा सके।
साक्ष्य जुटाने में लापरवाही
हाल ही में रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित पुलिस गेस्ट हाउस में एक नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरती गई थी। डीआइडी ने साक्ष्य एकत्रित करने में लापरवाही पकड़ी थी। केस के आइओ को जमकर फटकार लगाई थी। नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारी ने भी सही तरीके से काम करने का नसीहत दी थी।
बता दें कि 60 वर्षीय वृद्ध दीनानाथ साहू ने अपने किरायेदार की 4 वर्षीय बच्ची को अकेला पाकर मंगलवार की देर शाम दुष्कर्म की घटना का अंजाम दिया था। बच्ची के माता-पिता उस वक्त घर के बाहर थे। दोनों जब घर पहुंचे तो बदहवास होकर बिस्तर पर सोई बच्ची माता-पिता को देख रोने लगी। उसने पूरी घटना की जानकारी दी। बुधवार को सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। फिलहाल बच्ची सदर अस्पताल में ही इलाजरत है।