मंत्री हाजी हुसैन अंसारी बोले- झारखंड में बनेगा अलग मदरसा बोर्ड, अल्पसंख्यक कल्याण का लिया पदभार
Jharkhand. पद ग्रहण करने के बाद हाजी हुसैन अंसारी ने कहा कि राज्य में मदरसा बोर्ड अलग करेंगे। झारखंड में बिहार की तर्ज पर काम होगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के दौरान अधिकारियों ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। पद ग्रहण करने के बाद हाजी हुसैन अंसारी ने कहा कि राज्य में मदरसा बोर्ड अलग करेंगे। झारखंड में बिहार की तर्ज पर काम होगा। शिक्षकों को वेतन की समस्या नहीं होगी। सीएए और एनआरसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पार्टी सीएए और एनआरसी के खिलाफ है।
सीएए के खिलाफ कडरू में हज हाउस के सामने चल रहे प्रदर्शन में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी वहां जाने का कोई विचार नहीं है। इतने दिनों तक पद नहीं ग्रहण करने पर कहा जा रहा था कि मंत्री हाजी हुसैन छोटा विभाग मिलने से नाराज हैं। उन्हें कार्यालय के लिए छोटा कमरा भी दिया गया है। इसलिए भी पद ग्रहण नहीं कर रहे हैं। कल्याण विभाग से काटकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग उन्हें सौंपा गया है। दूसरी ओर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से निबंधन को अलग करके अंसारी को दिया गया है। दोनों विभाग छोटे हैं और कुछ खास करने के लिए नहीं हैं।