गढ़वा सदर अस्पताल में ऐसे हो रहा इलाज, 2 घंटे तक खुले में बैठाकर लड़की को चढ़ाया स्लाइन; मचा हड़कंप
Minor Girl Suicide Attempt 15 वर्षीया शिल्की कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वह डंडई थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी लल्लू उरांव की पुत्री है। चिकित्सक से दिखाने के बाद उसे स्लाइन चढ़ाने के लिए अस्पताल के वार्ड से बाहर आसमान के नीचे बैठा दिया गया।
गढ़वा, जेएनएन। गढ़वा के सबसे बड़े अस्पताल में शनिवार को व्यवस्था तार-तार दिखी। यहां अस्पताल परिसर से बाहर खुले आसमान के नीचे जमीन पर बिठाकर एक किशोरी को स्लाइन चढ़ाया जा रहा था। युवती को न लेटने के लिए बिस्तर दिया गया था ना ही बैठने के लिए कुछ साधन। जमीन पर घंटों ऊंकडू बैठ किशोरी स्लाइन चढ़वाती रही।
परिसर के बाहर जमीन पर इलाज करने का कारण पूछने पर स्वास्थ्यकर्मी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। करीब दो घंटे तक बीमार लड़की जमीन पर कांपती हालत में बैठी रही। बाद में उसे अस्पताल के भीतर ले जाया गया। 15 वर्षीय यह किशोरी डंडई थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी लल्लू उरांव की पुत्री है। उसका नाम शिल्की कुमारी है।
इस संबंध में शिल्की की मां कुसुमरी देवी ने बताया कि उसकी बेटी ने कीटनाशक खा लिया था। इसके बाद सदर अस्पताल पहुंची तो पहले उसे वार्ड में ले जाया गया था। वहां इलाज शुरू होते ही उसकी बेटी कांपने लगी। तब स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे बाहर धूप में जाकर बैठने को कहा और वहीं स्टैंड लाकर स्लाइन लगा दिया, जबकि किशोरी को वार्ड में ही कंबल उपलब्ध करा इलाज करना चाहिए था। जहां किशोरी को बैठने के लिए कहा गया वहां अगल-बगल में गंदगी का अंबार लगा हुआ था।
मामले की जानकारी नहीं है। जांच कर इस मामले में दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डा. जेपी सिंह, प्रभारी सिविल सर्जन, सदर अस्पताल गढ़वा।