नाबालिग को फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर बुलाया, किया सामूहिक दुष्कर्म Ranchi News
रांची के लोअर बाजार निवासी दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। पीड़िता नाबालिग चाईबासा की रहनेवाली है। उससे बरियातू के भरमटोली पहाड़ के पास दुष्कर्म किया गया।
रांची, जासं। चाईबासा की एक नाबालिग को रांची के दो युवकों ने फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर बुलाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना बीते शनिवार की है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, लोअर बाजार क्षेत्र के रहने वाले खालिद और बरियातू क्षेत्र के रहने वाले यशराज कुमार ने 14 वर्ष की नाबालिग को कॉल कर फिल्म में काम दिलाने के बहाने रांची बुलाया।
नाबालिग कांटाटोली बस स्टैंड पहुंची। वहां से दोनों युवक उसे बरियातू भरमटोली पहाड़ के पास ले गए। वहां दोनों ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद कांटाटोली चौक के पास बस स्टैंड के पास लाकर छोड़ दिया। पीड़िता स्थानीय लोगों की मदद से लोअर बाजार थाना पहुंची और आपबीती सुनाई। इसके बाद उसे प्रेमाश्रय में रखवाया गया। इधर पुलिस ने सीडीआर के आधार पर आरोपितों की तलाश की और एक-एक कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद अपहरण की शिकायत
बरियातू के भरमटोली में रहने वाले आरोपित यशराज की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजन बरियातू थाना पहुंच गए। थाने में कुछ लोगों द्वारा अपहरण का आरोप लगा मामला दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने मामले का सत्यापन किया, तो पता चला कि आरोपित को लोअर बाजार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना की छानबीन करने सिटी एसपी सुजाता वीणापाणि लोअर बाजार थाना पहुंची थीं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप