बर्थ डे पार्टी के लिए बुलाया, फिर शराब पिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म
मेडिकल जांच में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। सभी आरोपितों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
रांची, जागरण संवाददाता। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि मेडिकल जांच में हो गई है। रिम्स में मेडिकल जांच के बाद इस बात का खुलासा हुआ है। इस मामले में अभी तक पुलिस को रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस ने नाबालिग संग सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन नाबालिग आरोपितों को पकड़ा है। हालांकि, इस मामले में चौथा आरोपी सन्नी कुमार अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस उसकी भी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पकड़े गए नाबालिग को शनिवार न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। इधर, कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल ने कहा कि मेडिकल जांच में पुष्टि हो चुकी है। इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले में संलिप्त सारे आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
जन्मदिन पार्टी के बहाने ले गया था आरोपितों ने : नाबालिग के अनुसार उसकी चचेरी बड़ी बहन के दोस्त ही उसे बर्थडे पार्टी के नाम पर बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गए। यहां पर आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वह उन्हें पहले से जानती थी और उनसे मिलना-जुलना भी था। गुरुवार देर रात तक कभी दस तो कभी चार लड़कों पर दुष्कर्म का आरोप लगा रही थी। मगर, शुक्रवार को महिला थाना में मात्र चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
नशे की आदी है नाबालिग : पुलिस की छानबीन में लड़की के नशे की आदी होने की बात सामने आई है। वह गांजा-सिगरेट पीती है। वहीं, आरोपित युवक भी नशा करते हैं। वह पूर्व में भी रुगड़ीगढ़ा के युवकों संग शराब का सेवन कर चुकी है। हालांकि, नाबालिग के परिजन ने जबरन नशा कराने की बात पुलिस को बताई है।