Move to Jagran APP

निकाय चुनावः भाजपा ने आशा, झामुमो ने वर्षा व कांग्रेस ने अजय को बनाया रांची का मेयर प्रत्याशी

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा में प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं।

By Sachin MishraEdited By: Published: Wed, 21 Mar 2018 12:10 PM (IST)Updated: Wed, 21 Mar 2018 12:23 PM (IST)
निकाय चुनावः भाजपा ने आशा, झामुमो ने वर्षा व कांग्रेस ने अजय को बनाया रांची का मेयर प्रत्याशी
निकाय चुनावः भाजपा ने आशा, झामुमो ने वर्षा व कांग्रेस ने अजय को बनाया रांची का मेयर प्रत्याशी

राज्य ब्यूरो, रांची। लंबे इंतजार के बाद भाजपा, कांग्रेस और झामुमो ने अंतत : निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को रांची में मेयर और डिप्टी मेयर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। जहां भाजपा ने एक बार फिर रांची में आशा लकड़ा को महापौर और संजीव विजयवर्गीय को उपमहापौर का प्रत्याशी बनाया है।

loksabha election banner

वहीं, कांग्रेस ने अजय तिर्की को मेयर और डॉ. राजेश गुप्ता उर्फ छोटू को डिप्टी मेयर का प्रत्याशी बनाया है।

झामुमो ने अब तक रांची से सिर्फ मेयर प्रत्याशी का नाम घोषित किया है। उसने वर्षा गाड़ी को अपना उम्मीदवार बनाया है। उसने डिप्टी मेयर पद पर अभी तक उम्मीदवार नहीं दिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा की।

आशा लकड़ा और संजीव विजयवर्गीय पर भाजपा ने फिर लगाया दांव

लंबे इंतजार के बाद अंतत: भाजपा ने निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। कयास के विपरीत रांची नगर निगम में पार्टी ने प्रत्याशियों के चेहरे नहीं बदले हैं। यहां एक बार फिर आशा लकड़ा को महापौर और संजीव विजयवर्गीय को उपमहापौर का प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा की। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

दुमका में भी भाजपा ने रांची की तर्ज पर वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष अमिता रक्षित को ही टिकट दिया है। मिहिजाम के कमल गुप्ता और गोड्डा के अजीत सिंह भी वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष हैं। गढ़वा से भी वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी केसरी पर भाजपा ने भरोसा किया है। वहीं, मेदिनीनगर के लिए देर रात घोषित नाम में मेयर के लिए अरुणा सरकार और डिप्टी मेयर के लिए नीलू मिश्र के नाम की घोषणा की गई। भाजपा ने 20 महिलाओं को टिकट दिया है। यह 69 घोषित उम्मीदवारों का 29 फीसद है। एक मुस्लिम प्रत्याशी भी है।

भाजपा में उठने लगे विरोध के स्वर

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा में प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं, जिसकी आंच बुधवार तक रांची पहुंच सकती है। लोहरदगा में जिला उपाध्यक्ष सामेल भगत को नगर परिषद का टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफे की घोषणा की है। कुछ अन्य जिलों में विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं। प्रदेश भाजपा ने टिकट बंटवारे को लेकर संभावित भगदड़ और विरोध को आशंका को भांपते हुए देर से प्रत्याशियों की घोषणा की है।

यह पार्टी की रणनीति का हिस्सा था कि विलंब से प्रत्याशियों की घोषणा से असंतुष्ट भाजपा के दावेदारों के पास इधर-उधर जाने के अत्यंत सीमित विकल्प बचें। तकरीबन सभी दलों द्वारा प्रत्याशी की घोषणा के बाद भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक किए। कार्यकर्ताओं के पास जब कहीं जाने का विकल्प नहीं बचा तो उन्होंने खुलकर विरोध और इस्तीफे की धमकी देना शुरू कर दिया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.