पति से शराब पीने को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने लगा ली फांसी Lohardaga News
Jharkhand. शुक्रवार की शाम काम से लौटने के बाद परिवार वालों ने कमरा अंदर से बंद देखा। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा तो विवाहिता छत की लकड़ी से लटक रही थी।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के सुदूरवर्तीं अलौदी गांव में एक विवाहित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि अस्बेस्टस के मकान में छत की लकड़ी में रस्सी बांध कर विवाहिता का शव झूलता मिला। मृतक की पहचान अलौदी गांव निवासी रूपेश उरांव की पत्नी जीतमनी उरांव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक की शादी 3 वर्ष पहले हुई थी। पति से शराब सेवन नहीं करने के लिए हमेशा मना करती थी, पर पति बात नहीं मानता था। शराब सेवन को लेकर 8 दिन पहले भी पत्नी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद से पत्नी में चिड़चिड़ापन बढ़ गया था।
इन सबकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या का कारण ढूंढ रही है। इधर शुक्रवार की शाम काम से लौटने के बाद परिवार वालों ने कमरा अंदर से बंद देखा। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा तो विवाहिता छत की लकड़ी से लटक रही थी। इसकी तुरंत सूचना सेन्हा थाना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद दल-बल के साथ इंस्पेक्टर अवधेश कुमार, सेन्हा थाना प्रभारी वीरेंद्र एक्का, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय पासवान, नीलिमा तिर्की व रनेश तिवारी घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।