दहेज की बलि चढ़ी रांची की बेटी, शव के साथ हत्यारोपित पति को गया से पकड़ लाए परिजन; जांच में जुटी पुलिस Ranchi News
मृत महिला का नाम रिंची देवी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पति ने ही विवाहिता की हत्या कर दी है। पति को मृतका के परिजनों ने गया से पकड़कर रांची लाया है।
रांची, जेएनएन। रांची की बेटी की गया में हत्या कर दी गई है। मृतका का शव और उसकी हत्या के आरोपित पति को परिजन रांची पकड़कर ले आए हैं। भाई के मुताबिक उसकी बहन की दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। बताया गया कि रांची की रहने वाली बेटी की गया में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पति और ससुराल वालों पर है।
विवाहिता के भाई मनोज साहू के अनुसार उनकी बहन रिंकी देवी की शादी गया के बाराचट्टी में कराया गया था। जहां पति रवि साहू सहित ससुराल वालों ने दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन्हें फोन कर जानकारी दी गई कि उनकी बहन रिंकी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर रांची से गया पहुंचे तो बहन की लाश पड़ी मिली। लाश के साथ आरोपित पति रवि साहू को भी पकड़कर परिजन रांची ले आए हैं और सुखदेव नगर पुलिस को सौंप दिया। सुखदेव नगर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अक्सर मांगते थे दहेज, पहले भी कई बार की मारपीट
विवाहिता रिंकी के भाई मनोज के अनुसार उसके ससुराल वाले दहेज लोभी हैं। वे दहेज के लिए अक्सर मारपीट किया करते थे। दहेज में पैसा नहीं देने पर प्रताड़ना बढ़ती गई आखिर में पीट-पीटकर बहन को मार डाला। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है।