Move to Jagran APP

Maha Shivaratri 2021: महाशिवरात्रि पर बम-बम हो रहे भक्‍त, महादेव के दर्शन को CM हेमंत सोरेन भी पहुंचे

Maha Shivaratri 2021 राजधानी रांची शिव की आराधना में जुटी है। महाशिव रात्रि के पावन पर्व पर रांची बम बम बोल रही है। यह देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती का शुभ विवाहोत्सव का दिन है। सुमंगल का दिन। आज का दिन औघड़दानी शिव को विशेष प्रिय है।

By Alok ShahiEdited By: Published: Thu, 11 Mar 2021 07:01 AM (IST)Updated: Thu, 11 Mar 2021 03:48 PM (IST)
Maha Shivaratri 2021: महाशिवरात्रि पर बम-बम हो रहे भक्‍त, महादेव के दर्शन को CM हेमंत सोरेन भी पहुंचे
Maha Shivaratri 2021: राजधानी रांची शिव की आराधना में जुटी है।

रांची, जासं। Mahashivratri 2021, Maha Shivaratri 2021 राजधानी रांची शिव की आराधना में जुटी है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रांची बम बम बोल रही है। यह देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती का शुभ विवाहोत्सव का दिन है। सुमंगल का दिन। आज का दिन औघड़दानी शिव को विशेष प्रिय है। मान्यता है कि आज के दिन सच्चे मन से शिव-पार्वती की पूजा अर्चना से देवाधिदेव जल्द प्रसन्न होते हैं। बिन मांगे श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

loksabha election banner

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन भी महादेव के दर्शन के लिए पहाड़ी मंदिर पहुंचे। हर हर महादेव के जयघोष के बीच सबको महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। मौके पर सीएम का आयोजन समिति द्वारा स्वागत किया गया। श्री शिव बारात आयोजन समिति के कार्यक्रम में शामिल होने आए सीएम हेमंत सोरेन भक्तों के उत्साह को देखकर खुद भी उत्साहित हो गए। श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामना देते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद पहला उत्सव है। इसी तरह उत्साह बनाए रखें।

उन्होंने महादेव से राज्यवासियों की खुशहाली की कामना की। सीएम ने अपने हाथों से शिव-पार्वती की आरती उतारी। सीएम के पहाड़ी मंदिर से निकलने के बाद सीपी सिंह पहुंचे। सीपी सिंह ने कहा कि आज का दिन भगवान भोले का दिन हैं। भगवान सब पर कृपा बनाए रखें। हम सब भगवान की कृपा से ही तरक्की कर रहे हैं। ईश्वर की कृपा से आने वाले दिनों में कोरोना से पूर्ण रूप से मुक्ति मिलेगी।

रांची के सभी शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार लगी है। शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। अहले सुबह से ही जलाभिषेक के लिए कतार लगनी शुरू हो गई है। लोग सपरिवार महादेव को जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। अधिकांश मंदिरों में संध्या काल में भगवान शिव का मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। महाआरती उतारी जाएगी। रात में शिव-पार्वती का शुभविवाहोत्सव मनाया जाएगा। प्रसाद बंटेंगे।

इस अवसर पर राजधानी शिवमय बनी रहेगी। कई स्थानों से प्रतीकात्मक रूप से शिव बारात निकाली जाएगी। रातू रोड में जयमाल की रस्म होगी। पहाड़ी मंदिर के समीप शिव बारात आयोजन समिति की ओर से मुख्य कार्यक्रम होंगे। दोपहर 2.30 बजे कार्यक्रम शुरु होगा। इसमें सीएम हेमंत सोरेन सहित कई गणमान्यों के आने की संभावना है। देर रात तक भजन कीर्तन होगा।

शिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन की ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पहाड़ी मंदिर के अलावे शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में प्रात:काल से ही पुलिस बल की तैनात हैं। शहर में पांच सौ अतिरिक्त पुलिस बलों प्रतिनियुक्त किया गया है। छह दंडाधिकारी व 120 जवान पहाड़ी मंदिर की व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं।

पहाड़ी मंदिर में प्रात: 3.30 बजे प्रथम पूजा आरंभ हो गई है। रुद्राभिषेक, श्रृंगार आदि के बाद 4.30 बजे मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। संध्या 5.30 बजे तक जलाभिषेक होगा। इसके बाद जलाभिषेक बंद कर दिया जाएगा और संध्या श्रृंगार पूजा की तैयारी आरंभ होगी। गर्भ गृह की साफ-सफाई के बाद संध्या 6.30 बजे श्रृंगार पूजा होगा। महाआरती के बाद सात बजे मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।

मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद के अनुसार पहाड़ी बाबा का जलाभिषेक अरघा सिस्टम से होगा। श्रद्धाधु फूल, बेलपत्र आदि अर्पित कर सकते हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रसाद चढ़ाने की मनाही है। आम श्रद्धालुओं के लिए तीन हजार लोटा की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु बाबा के जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर से जल भरा लोटा प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा निश्शुल्क होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.