Mahashivratri 2019: हर-हर-महादेव, रवि किशन के साथ भक्तों ने लगाए जयकारे
Mahashivratri 2019 महाशिवरात्रि पर्व पर पूरा झारखंड शिवमय हो गया है। सोमवार को अद्भुत संयोग के बीच पहाड़ी मंदिर से लेकर दूसरे शिवालयों में भक्तों की बाढ़ सी आ गई है।
रांची, जेएनएन। महाशिवरात्रि पर पूरा झारखंड शिवमय हो गया है। बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए यहां शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी है। रांची के पहाड़ी मंदिर में भोजपुरी और हिन्दी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन ने हर-हर-महादेव के जयकारे के साथ भगवान भोले शंकर की पूजा-अर्चना की।
जैप वन में पशुपतिनाथ के दर्शन पूजन के लिए भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखी गई। देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को जनसैलाब शाम से ही उमड़ पड़ा। आस्था के उफान का आलम यह था कि कतार शिवगंगाघाट के दूसरे मुहाने तक जा पहुंची। महाशिवरात्रि से पहले ही देश विदेश से भक्तों का रेला देवघर पहुंच चुका है। एक दिन पहले ही बाबा दरबार में लाखों भक्तों ने मत्था टेका और आशीर्वाद लिए।
सोमवार और शिवयोग का दुर्लभ संयोग
देवाधिदेव महादेव भगवान आशुतोष को प्रसन्न करने के लिए फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को महाशिवरात्रि मनाने की शास्त्रीय परंपरा है। इस बार महाशिवरात्रि देवाधिदेव महादेव के दिन सोमवार को पड़ी है तो रात में ही शिवयोग का दुर्लभ संयोग भी बन रहा है।
फाल्गुन त्रयोदशी तिथि रविवार को दोपहर बाद 2.10 बजे लग गई माना जा रहा है इस कारण भी एक दिन पहले भक्तों का रेला देवघर में उमड़ पड़ा। त्रयोदशी तिथि चार मार्च को शाम 4.10 बजे तक रहेगी। उसके बाद चतुर्दशी तिथि लगेगी जो पांच मार्च की शाम 6.18 बजे तक रहेगी। देवघर दिन भर आस्थावानों से बम-बम रहेगी।
बाबा के विवाहोत्सव पर भक्त बम बम
बाबा के विवाहोत्सव यानी महाशिवरात्रि पर दर्शन के लिए एक दिन पहले रविवार को ही देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन के लिए रेला उमड़ पड़ा। रिकार्ड तोड़ भीड़ और भक्तों की लंबी कतार से पूरे माहौल में ओज प्रस्फुटित हो रहा है। इस उमड़े जनसैलाब को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने भक्त और भगवान के बीच की दूरी खत्म करने का निर्णय लेते हुए बेहतर व्यवस्था की है।
कतार में घंटों से बेजार दूर-दराज से आए भक्तों ने बाबा को जलाभिषेक की अपनी मुराद पूरी होने पर खुद को धन्य मान लिया। इसके अलावा इसे भी ऐतिहासिक ही कहा जाएगा कि दरस-परस की मान्यता वाले बाबा दरबार में इस बार झांकी दर्शन से आगे बढ़कर उन्हें साक्षाता बाबा वैद्यनाथ का दर्शन लाभ मिल रहा है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
रांची के पहाड़ी मंदिर में बाबा का महापर्व महाशिवरात्रि के लिए पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की है। आस्था की ओज में यहां भक्तों की भारी कतार लगी है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का खास ख्याल रखा जा रहा है। अधिकारी भी घूम-घूम कर सब को सुलभ दर्शन दिला रहे हैं।