नाबालिग प्रेमिका हुई गर्भवती तो प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम Palamu News
Jharkhand Palamu Crime News युवक ने प्रेमिका का गर्भपात कराने का प्रयास किया। इसके लिए नर्स ने 10 हजार रुपये का खर्च बताया। नाबालिग के शादी के दबाव के कारण परेशान आरोपित नीरज ने इसकी चर्चा अपने एक दोस्त से की।
पलामू, जासं। Jharkhand Palamu Crime News पलामू जिले में एक युवक ने पहले तो नाबालिग लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया। उसके बाद उसे गर्भवती कर दिया। गर्भपात कराने के लिए उसे 10 हजार रुपये नहीं जुटे तो उसने उसे रास्ते से हटाने की सोची। इसके लिए उसने अपने दोस्त की मदद ली और प्रेमिका को इस दुनिया से रुखस्त कर दिया। उसे बहाने से घर से बुलाया और उसकी गला काट कर हत्या कर दी। मामला जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है।
कुसवा टोला के कोरियाडीह गांव की एक नाबालिग लड़की का शव 27 फरवरी को बरामद किया गया था। पुलिस जांच में यह बात पता चली कि लड़की 21 फरवरी से लापता थी। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। लड़की का एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान वह लड़का काम करने बाहर चला गया। लड़के की अपने दोस्त के मोबाइल से लड़की से बात होती रहती थी। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से मोबाइल फोन वाले लड़के को ही लड़की से प्यार हो गया था।
इसी दौरान नाबालिग लड़की गर्भवती हो गई। इसका पता चलने पर युवक ने अपनी प्रेमिका का गर्भपात कराने का प्रयास किया। इसके लिए नर्स ने 10 हजार रुपये का खर्च बताया। नाबालिग के शादी के दबाव के कारण परेशान आरोपित नीरज ने इसकी चर्चा अपने एक दोस्त से की। दोनों ने मिलकर लड़की को रास्ते से हटाने की सोची। योजना के अनुसार लड़की की शौच के बहाने अहले सुबह तीन बजे घर से बाहर बुलाया और नीरज ने अपने दोस्त ओमप्रकाश सिंह के साथ मिलकर उसकी गला काटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद बड़ेपुर बालू घाट के पास शव को दफन कर दिया। बताया कि पूर्व में मृतका के स्वजनों ने गोतिया के जमीनी विवाद में बेटी की हत्या करने की बात कही थी। अनुसंधान के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर नीरज कुमार सिंह व ओमप्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इनकी निशानदेही पर टीवीएस मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, मृतका का बाल, खून लगा मिट्टी सहित एक खून लगा स्वेटर भी बरामद किया गया। छापामारी टीम में एसडीपीओ पूज्य प्रकाश, थाना प्रभारी अजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुणाल कुमार, जान संजय सुंडी, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज, पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।