मिस कॉल से हुआ प्यार, सॉरी कह रची साजिश; ऐसे हुआ खुलासा
मिस कॉल के बाद आलिया ने शिवम से सॉरी कहा, इसके बाद उसे प्रेम जाल में फांस लिया।
जागरण संवाददाता, रांची। भाजपा नेता के बेटे समेत तीन छात्रों के अपहरण कांड में गिरफ्तार मुकेश कुमार सिंह उर्फ खल्ली ने डेटिंग के दौरान आलिया को हनी टैपर बनाया था। ट्रैपर बनने के बाद आलिया ने पिछले 22 अगस्त को पहली बार कॉल किया था।
पहले मिस कॉल किया था। मिस कॉल के बाद जब शिवम ने बात की, तो बोली सॉरी, गलती से फोन लग गया। इसके बाद एक-दो दिनों के भीतर उसे प्रेम जाल में फांस लिया। फिर लगातार बात करने लगी। 22 अगस्त को बीस से अधिक कॉल किए थे। पांच सितंबर को आलिया ने शिवम को 45 कॉल किए थे।
आलिया ने पुलिस को जानकारी दी है कि खल्ली ने उसे रातों-रात लखपति बनाने का सब्जबाग दिखाया था। इसके लिए उसे एक छोटा सा टास्क दिया गया था। उसे चंदन गैंग की ओर से पांच लाख मिलने थे, अलग से खल्ली ने भी पांच लाख रुपये देने का वादा किया था। उसे केवल शिवम को प्रेम जाल में फांसकर रिंग रोड की ओर भेजने की जिम्मेदारी मिली थी। पैसे के लोभ में उसने शिवम को प्रेम जाल में फांसकर एक डेट भी किया था। हालांकि परिजनों ने इससे इन्कार किया था।
खुद को बताई थी नेहा :
नेहा ने शिवम को अपना परिचय नेहा के रूप में दिया था। वह शिवम को बताई थी, वह एक नागपुरी फिल्म की अभिनेत्री है। उसने शिवम को डेट में सभी तरह के मनोरंजन देने का वादा भी किया था। इन्हीं आमंत्रण में शिवम लगातार फंसता चला गया।
होटल में दोस्ती के बाद बनी थी खल्ली की गर्लफ्रेंड
आलिया मेन रोड के एक होटल में डांस करने जाती थी। उसी दौरान उसकी दोस्ती खल्ली से हुई थी। इसके बाद खल्ली से अंतरंग संबंध बन गए थे। लगातार खल्ली के साथ डेटिंग होती थी। इसके एवज में उसे पैसे भी मिलते थे।
यह भी पढ़ेंः छह माह से रची जा रही थी अपहरण की साजिश, रवि ने तैयार किया प्लान