श्रद्धा के साथ की गई भगवान चित्रगुप्त की पूजा, आकर्षक रूप से सजाया गया राजस्थान भवन Khunti News
चित्रगुप्त पूजा को लेकर राजस्थान भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम को महाआरती की गई। इसमें बड़ी संख्या में कायस्थ परिवार के लोग उपस्थित रहे। वैश्विक महामारी कोराेना का खात्मा कर समाज का कल्याण करने की प्रार्थना की।
खूंटी, जासं। दीपावली के तीसरे दिन मंगवार को श्री चित्रगुप्त महापरिवार पूजा समिति के तत्वावधान में स्थानीय राजस्थान भवन में भगवान चित्रगुप्त की पूजा का आयोजन किया गया। शहर के कायस्थ समाज के लोगों ने पूजा में शामिल होकर श्रद्धा भाव के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मौके पर उपस्थित लोगों ने कलम-दवात की पूजा भी की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से समाज के हर वर्ग को सुख-समृद्धि प्रदान करने एवं वैश्विक महामारी कोराेना का खात्मा कर समाज का कल्याण करने की प्रार्थना की।
पूजन के उपरांत प्रसाद का वितरण किया गया। पूजन कार्य पुजारी बालकिशोर मिश्रा ने संपन्न कराया। चित्रगुप्त पूजा को लेकर राजस्थान भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम को महाआरती की गई। इसमें बड़ी संख्या में कायस्थ परिवार के लोग उपस्थित रहे। पूजा के दौरान कोविड-19 को लेकर शारीरिक दूरी के नियम का अनुपालन किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष पूजा के अवसर पर सांस्कृतक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता था लेकिन कोविड-19 के चलते इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सका है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को हवन के उपरांत भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। पूजा में श्री चित्रगुप्त महापरिवार पूजा समिति के शैलेंद्र श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, सिविल सर्जन डा. प्रभात कुमार, वरुण कंठ, संजीव लाल, कालीचरण लाल, दिवाकर श्रीवास्तव, आशीष सिन्हा, नितेश सिन्हा, राहुल कंठ, राजीव लाल, अनूप प्रसाद, नरेन्द्र श्रीवास्तव व अंकेश श्रीवास्तव समेत कायस्थ समाज के कई लोगों ने भाग लिया।