लोहरदगा के कैरो में मिली 10-12 दिन पुरानी महिला की लाश, इलाके में सनसनी
गाराडीह गांव के पतराटांड़ स्थित मकई के खेत में अहले सुबह किसानों ने दुर्गंध फैलने के बाद जब खेत मे जाकर देखा तो वहां...
लोहरदगा (जागरण संवाददाता) । लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के गाराडीह गांव स्थित पतरा टांड़ में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गाराडीह गांव के पतराटांड़ स्थित मकई के खेत में अहले सुबह किसानों ने दुर्गंध फैलने के बाद जब खेत मे जाकर देखा तो वहां सड़े गले अवस्था में महिला का शव पड़ा था, जिसे देख इसकी सूचना गांव के चौकीदार के माध्यम से कैरो थाना पुलिस को दी गई। कैरो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया।
हालांकि प्रथम दृष्टया महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद हत्या की बात सामने आ रही है, परंतु कैरो थाना पुलिस का कहना है कि शव लगभग 10-12 दिन पुराना है। जिसके कारण शव पूरी तरह सड़ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकती है। कैरो थाना पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष है। शव की पहचान नहीं हो पाई है। कैरो थाना पुलिस ने कांड अंकित कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी शंखनाथ उरांव का कहना है कि सड़ी-गली अवस्था में गाराडीह गांव के समीप से महिला का शव मिला है। अभी इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता है। कैरो थाना पुलिस मामले की अनुसंधान करते हुए जांच पड़ताल में जुट गई है। जांच के बाद ही किसी प्रकार का निष्कर्ष निकाला जा सकता है।