Lohardaga Corona News: लोहरदगा में आज कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले आए सामने
लोहरदगा जिले में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच के लिए 200 लोगों का सैंपल लिया गया। जिसमें 154 लोगों के सैंपल की जांच की गई। जांच में 14 मरीज कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित सभी मरीजों को तत्काल कोविड-19 केयर...
लोहरदगा (जागरण संवाददाता) । लोहरदगा जिले में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच के लिए 200 लोगों का सैंपल लिया गया। जिसमें 154 लोगों के सैंपल की जांच की गई। जांच में 14 मरीज कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित सभी मरीजों को तत्काल कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। इसके साथ लोहरदगा जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1377 पहुंच चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच के लिए अब तक 34549 लोगों का सैंपल लिया गया है। जिसमें 33757 लोगों के सैंपल की जांच की गई है। जांच में 1377 मरीज कोरोना से संक्रमित मिले हैं।
जबकि 32554 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में वर्तमान में कोरोना संक्रमण के 443 सक्रिय मामले हैं। जबकि 929 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। गुरुवार को भी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने और स्वस्थ होने के बाद दो मरीजों को कोविड-19 केयर सेंटर से छुट्टी दे दी गई। लोहरदगा में अब तक कोरोना संक्रमण से छह मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि एक संक्रमित युवक ने सदर अस्पताल परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार को ट्रू-नेट के माध्यम से कुल 51 लोगों का सैंपल जांच किया गया। जिसमें 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव और 46 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई।
आरएटी के माध्यम से कुल 103 लोगों का सैंपल लेकर जांच किया गया। जिसमें 9 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं 94 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमित मरीजों में 9 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना जांच में पॉजिटिव मरीजों में जेलखाना कचहरी का रहने वाला एक किशोर संक्रमित मिला है। जबकि कोर्ट कंपाउंड का रहने वाला एक युवक, शहर के थाना टोली का एक युवक और कोयरी मोहल्ला के रहने वाले 3 महिला और दो पुरुष संक्रमित मिले हैं। इसी तरह सदर थाना क्षेत्र के भुजनियां गांव के रहने वाले दो पुरुष और एक किशोरी संक्रमित पाए गए हैं। कुटमू गांव की रहने वाली एक युवती संक्रमित मिली है। जबकि भंडरा थाना क्षेत्र के कुम्हरिया गांव का रहने वाला एक अधेड़ संक्रमित पाया गया है। डाल्टेनगंज का रहने वाला एक युवक भी संक्रमित पाया गया है।
लोहरदगा में पहली बार कोरोना पॉजिटिव महिला का हुआ शल्य प्रसव
जिले में पहली बार कोरोना पॉजिटिव महिला का गुरुवार को शल्य प्रसव कराया गया है। लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड के सिठियो गांव की कोरोना पॉजिटिव महिला मरीज महिला कस्तूरबा जनजातीय बालिका आवासीय विद्यालय स्थित कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती थी। महिला को गुरुवार की अहले सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हुई। महिला की स्थिति बेहद चिंताजनक थी। कोविड-19 के लोहरदगा नोडल पदाधिकारी डा.शंभू नाथ चौधरी ने महिला की जांच की। इसके बाद उक्त महिला का लोहरदगा में ही शल्य प्रसव कराने का निर्णय लिया गया।
इसके लिए परिजनों की सहमति भी ली गई। शहर के बीआईडी स्थित दूतिका नर्सिंग होम की महिला चिकित्सक डा. नयन चौधरी ने सफलतापूर्वक महिला का शल्य प्रसव कराया। मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। इससे पहले भी महिला का शल्य प्रसव हुआ था। दुर्भाग्य पूर्ण रूप से उस समय महिला के गर्भ में ही शिशु की मौत हो गई थी। लोहरदगा जिले में पहली बार कोविड-19 के पॉजिटिव महिला मरीज का सफलतापूर्वक शल्य प्रसव कराया गया है।