रांची में लॉकडाउन को ठेंगा... चाय की दुकान पर शौकीनों को खुलेआम पिलाई जा रही थी शराब...
Jharkhand News Lockdown झारखंड में लॉकडाउन के बीच दोपहर दो बजे तक ही शराब सहित अनिवार्य सेवाओं की दुकानों को खोलने की अनुमति है बावजूद रांची के तुपुदाना इलाके में दोपहर दो बजे के बाद चाय की दुकान से चोरी-छिपे अवैध रूप से शराब बेचने का खुलासा हुआ है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand News Lockdown राज्य में जारी स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के दौरान कानून तोड़ने से भी कुछ लोग बाज नहीं आ रहे हैं। दोपहर दो बजे तक ही शराब सहित अनिवार्य सेवाओं की दुकानों को खोलने की अनुमति है, इसके बावजूद तुपुदाना इलाके में दोपहर दो बजे के बाद भी चाय की दुकान से चोरी-छिपे अवैध रूप से शराब बेचने का खुलासा हुआ है। 23 मई को पुलिस ने गश्त के दौरान एंसिलरी चौक के पास छापेमारी कर अवैध शराब बेचने वाले एक युवक विकास सिंह को गिरफ्तार किया है। वह एंसिलरी चौक हनुमान मंदिर के पास का रहने वाला है।
विकास सिंह के आवास से पुलिस ने तीन पेटी अवैध शराब भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद विकास सिंह ने पुलिस को बताया है कि दोपहर दो बजे के बाद ही शराब की बिक्री बढ़ जाती है, जिससे ज्यादा फायदा होता है। विकास सिंह चाय की दुकान से शराब बेचता था। 23 मई की दोपहर ढाई बजे उसकी दुकान पर शराब लेने वालों की भीड़ थी। जैसे ही पुलिस पहुंची, लोग भाग निकले। पुलिस ने खदेड़कर सिर्फ विकास सिंह को ही गिरफ्तार किया। कोविड जांच के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
कोकर में चोरी करते तीन युवकों में एक पकड़ाया, दो हुए फरार
सदर थाना क्षेत्र के कोकर में रविवार की रात एक मकान में चोरी करने घुसे तीन युवकों में से एक युवक को मकान मालिक ने रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। रात में ही पकड़े गए आरोपित को सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपित लोहरदगा के किस्को थाना क्षेत्र का सैफ राजा है। उसके दो साथी बड़गाईं निवासी रेहान शेख व लड्डू अभी फरार हैं।
इस मामले में सदर थाने में बूटी बस्ती निवासी राजू पांडेय ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।राजू के अनुसार कोकर के कमला नगर में उनका एक मकान है। वहां रात करीब पौने एक बजे उनके पड़ोसी ने ही फोन पर सूचना दी थी कि उनके घर में तीन संदिग्ध लोग घुसे हैं। गाड़ी की आवाज व लाइट देखकर तीनों ने भागने की कोशिश की, जिसमें एक पकड़ा गया। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
आपसी विवाद में पति ने ही गला घोटकर की थी तमाड़ में किरण देवी की हत्या
तमाड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह स्थित एक खाली पड़े मकान में हुई किरण देवी नामक महिला की हत्या मामले की गुत्थी को रांची पुलिस ने सुलझा लिया है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि किरण देवी का हत्यारोपी उनका पति बुधेश्वर पुरान ही निकला है। आपसी विवाद में उसने इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना में प्रयुक्त मोबाइल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। 22 मई को तमाड़ थाना क्षेत्र के नवाडीह में एक खाली पड़े मकान से एक महिला का शव बरामद किया गया था।
महिला के पिता बनवारी पुरान ने शव की पहचान अपनी पुत्री किरण देवी के रूप में की थी। उनके बयान पर अज्ञात अपराधी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस कांड के खुलासे के लिए ग्रामीण एसपी ने तमाड़ थानेदार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य के आधार पर किरण देवी के पति बुधेश्वर पुरान को रांची के सोनाहातू से उठाया।
पूछताछ में बुधेश्वर ने पुलिस को बताया कि उसका पत्नी से हमेशा विवाद होता था। इससे परेशान होकर ही उसने 13 मई की रात पत्नी को फोन कर नवाडीह स्थित एक सुनसान स्थान पर बुलाया और उसे विश्वास में लेकर खाली पड़े मकान में ले गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस कांड के खुलासे में तमाड़ के थानेदार प्रेम प्रकाश, दारोगा यशवंत कुमा, दीपक कुमार सिंह, सिपाही कुशल लुगून, विपिन कुमार, उमेश कुमार मेहरा आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुंदाग में दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
पुदांग ओपी की पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित नूतन तिर्की को ओपी क्षेत्र के ही भागलपुर कॉलोनी से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पुंदाग निवासी एक युवती ने दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।