साप्ताहिक लाकडाउन के बाद जनजीवन हुआ सामान्य, अपने काम पर निकले लोग
कोरोना रोकथाम के लिए लगाए गए लगभग 36 घंटे के लाकडाउन की समय अवधि सोमवार की सुबह छह बजे खत्म हो गयी। इसके बाद रांची में जनजीवन सामान्य हो गया। सरकारी गाइडलाइन के तहत मिली छूट के अनुसार सुबह से सब्जी मंडी खुली दिखी।
रांची, जासं । कोरोना रोकथाम के लिए लगाए गए लगभग 36 घंटे के लाकडाउन की समय अवधि सोमवार की सुबह छह बजे खत्म हो गयी। इसके बाद रांची में जनजीवन सामान्य हो गया। सरकारी गाइडलाइन के तहत मिली छूट के अनुसार सुबह से सब्जी मंडी खुली दिखी। वहीं कई लोग दूध आदि की व्यवस्था के लिए सड़कों पर दिखे। इसके साथ ही लोग अपने-अपने काम की तैयारी पर जाने की तैयारी करते दिखे।
इसके साथ ही अन्य बाजार भी सामान्य रूप से सुबह नौ से दस के बीच खुलेंगे। पिछले लगभग डेढ़ वर्ष में साप्ताहिक लाकडाउन सबसे ज्यादा कड़े नियमों के साथ लागू किया गया। इसके तहत दूध और ब्रेड तक की दुकान को बंद रखने के आदेश थे। मेधा डेयरी के मुताबिक एक दिन दुध मार्केट में नहीं जाने से उसके पास लगभग एक लाख लीटर दूध का स्टाक हो गया है। हालांकि इसे वो पाउडर, घी, दही, लस्सी आदि में बदलकर इस्तेमाल करेगा।
अगले सप्ताह फिर लगेगा लाकडाउन
सरकार के द्वारा लगाए गए साप्ताहिक लाकडाउन की लोग प्रशंसा कर रहे हैं। इससे पहले भी राज्य सरकार के द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के कारण कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने में बड़ी मदद मिली थी। राज्य सरकार के द्वारा अगले सप्ताह भी इसी तरह का लाकडाउन लगाया जाएगा।
लॉकडाउन के दौरान मुस्तैद रही पुलिस, बेवजह निकलने वालों का कटा चलान
रांची में रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन का सख्ती से अनुपालन करवाया गया। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। बेवजह घरों से बाहर निकलने वालों का चालान काटा गया। शहर में सुबह के समय से ही पुलिस सड़कों पर मुस्तैद रही। हर चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मी चेकिंग करते नजर आए। जबकि थानेदार डीएसपी लगातार इसकी मॉनिटरिंग करते रहे। शहर के अलग-अलग प्वाइंट पर चेकिंग की गई। जबकि सायरन बजाती हुई पुलिस चारों ओर गश्त करती रही। इस दौरान केवल प्रतिबंध से छूट वाली दुकानें ही खुली नजर आई। सड़कों में सन्नाटा पसरा रहा। जहां भी लोग बेवजह नजर आए, पुलिसकर्मियों ने उन्हेंरोका और घरों में रहने की हिदायत देकर वापस भेजा गया।