Bihar Election News: तेजस्वी की लालू प्रसाद से मुलाकात टली, राजद प्रत्याशियों का नाम तय करने आने वाले थे रांची
Bihar Election News 2020 विधायक भोला यादव मंगलवार को ही रांची पहुंचे। लालू प्रसाद यादव से मुलाकात नहीं हुई तो संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट राजद सुप्रीमो को भिजवाई। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण की अधिसूचना एक अक्टूबर को जारी होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद से मुलाकात करने आज रांची नहीं आए। उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम टल गया है। झारखंड प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजद प्रत्याशियों की पहली सूची पर लालू प्रसाद की सहमति लेने के लिए तेजस्वी यादव का रांची आने का कार्यक्रम था।
बिहार के विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही रिम्स में इलाजरत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद की व्यस्तता इन दिनों बढ़ गई है। सजायाफ्ता बंदी होने के बावजूद लालू प्रसाद राजद की स्टीयरिंग मजबूती से पकड़े हुए हैं, ताकि पार्टी बेपटरी न हो। इसी के तहत तेजस्वी यादव बुधवार को अपने पिता लालू प्रसाद से मिलने आने वाले थे, ताकि प्रथम चरण के लिए राजद प्रत्याशियों की सूची पर मुहर लग सके।
इससे पूर्व मंगलवार को बिहार के बहादुरपुर से विधायक और लालू प्रसाद यादव के करीबी भोला यादव रांची पहुंचे। उन्होंने लालू प्रसाद से मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मिलने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद भोला यादव ने एक बंद लिफाफा लालू प्रसाद तक भिजवा दिया।
संभवत: उस लिफाफे में राजद के संभावित प्रत्याशियों की सूची है, जिनके नामों पर विचार के लिए ही उन्होंने इसे लालू प्रसाद के पास भिजवाया है। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण की अधिसूचना एक अक्टूबर को जारी होगी। प्रथम चरण में कुल 71 सीटों के लिए चुनाव होगा, जिसमें आठ अक्टूबर तक नामाकंन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित है।