क्राइसिस मैनेजर लालू यादव से मिले कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, मिलकर चुनाव लड़ने की मिली नसीहत
चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर अहमियत बढ़ गई है। रिम्स में एक बार फिर सियासी दरबार सजने लगा है।
रांची, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और झामुमो में चल रही जुबानी जंग के बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को रांची के रिम्स में इलाजरत लालू प्रसाद यादव की शरण में पहुंचे। इसके अलावा बिहार से एमएलसी रामबाबू यादव और राजद नेता अशोक कुमार ने भी लालू से मुलाकात की। महज सात मिनट में लालू यादव से मुलाकात कर रामेश्वर उरांव बाहर निकले। लंबे इंतजार के बाद थोड़े समय की हुई मुलाकात के बाद रामेश्वर उरांव ने कहा कि लालू यादव ने मुझे देखते ही कहा- आ गइला आवा बाई ठा।
रामेश्वर उरांव ने लालू यादव के स्वास्थ्य पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि, पहले लालू यादव बुलंद चेहरे के व्यक्तित्व के मालिक थे। उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। रामेश्वर उरांव ज्यादा राजनीतिक बातें नहीं होने की बात कहते हुए बताया कि लालू यादव ने कहा है कि मिलजुलकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ना है। लालू यादव को राजनीति की बहुत समझ है।
पूर्व में लालू यादव ने बिहार झारखंड के सामाजिक बनावट को बदला था। रामेश्वर उरांव ने झारखंड की राजनीति पर बातचीत करते हुए कहा कि बाजार में प्याज की कीमत काफी बढ़ गई है। प्याज सरकार को रुलाएगा। साथ ही उन्होंने प्याज की महंगाई को लेकर जल्द सड़कों पर उतरने की बात कही।
शनिवार को लालू से मुलाकातियों का दिन होता है। इस दिन अधिकतम तीन मुलाकातियों को राजद सुप्रीमो से मिलने की इजाजत दी जाती है। चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू यादव को विपक्षी महागठबंधन का क्राइसिस मैनेजर माना जाता है। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन की रूप-रेखा पर चर्चा के लिए लालू के यहां सियासी दरबार सजने लगा है।
जितना ठीक होना चाहिए उतना ठीक नहीं है लालू की तबीयत
इधर, शनिवार को लालू से मिलने सारण से भी दो लोग पहुंचे और लालू से मुलाकात की। सारण से आए राम बाबू यादव ने लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद कहा कि तबीयत ठीक है लेकिन उतना ठीक नहीं है, जितना होना चाहिए। उन्होंने लालू को न्याय मिलने की उम्मीद जताई। अशोक कुमार भी सारण से आए थे। वे लालू के लिए फूलगोभी, नेनुआ, परवल, लौकी और सत्तू लेकर पहुंचे थे।
लालू की सेहत में हो रहा सुधार
लालू का रुटिन चेकअप कर निकले डॉ. डीके झा ने बताया कि लालू प्रसाद की सेहत में सुधार हो रहा है। शुगर, ब्लड प्रेशर सब नॉर्मल है। बीते दिनों तबीयत खराब होने के कारण वे थोड़े परेशान थे लेकिन अभी सब नियंत्रण में है। नॉन वेज पर पाबंदी लगाई गई है। पहले उन्हें अंडे खाने की छूट थी, लेकिन प्रोटीन लीक होने के कारण उसे भी अब बंद कर दिया गया है।