तब Lalu Yadav ने बिहार के BJP विधायक को फोन कर मचा दी थी सियासी खलबली, अब सेवादारों पर भी कसा शिकंजा
Lalu Yadav राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर जेल से फोन करने बिहार की राजनीति को प्रभावित करने के आरोपों के बाद अब झारखंड में जेल प्रशासन कैदियों के सेवादारों के लिए सख्त नियम लागू करने जा रहा है। बीमार कैदी का सेवादार अपने साथ मोबाइल नहीं रख सकेगा।
रांची, [दिलीप कुमार]। Lalu Prasad Yadav, Lalu Yadav राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर जेल से फोन करने और बिहार की राजनीति को प्रभावित करने का आरोप लगने के बाद अब झारखंड में जेल प्रशासन कैदियों के सेवादारों के लिए सख्त नियम लागू करने जा रहा है। बीमार कैदी का सेवादार भी अपने साथ मोबाइल नहीं रख सकता है। उसपर भी कैदियों के जितने ही प्रतिबंध लागू होंगे। कैदी के पास से बाहर निकलने के लिए उसे वहां तैनात सुरक्षा प्रभारी से अनुमति लेनी होगी। इतना ही नहीं प्रोटोकाल तोडऩे पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी। जेल प्रशासन ने स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) सरकार को सौंप दिया है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद यह लागू हो जाएगा।
चारा घोटाले में सजायाफ्ता और रिम्स में इलाज करा रहे राजद अध्यक्ष पर लगातार जेल से फोन करने के आरोप लग रहे थे। बिहार में विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के दौरान एक विधायक को फोन पर प्रलोभन देने का आरोप भी लगा था। यह भी कहा जा रहा था कि लालू रिम्स में अपने सेवादारों के फोन का इस्तेमाल करते हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद रांची पुलिस और जेल प्रशासन ने इसकी अलग-अलग जांच की थी। झारखंड हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए लालू को जेल में दी जाने वाली सुविधाओं और जेल मैनुअल के उल्लंघन को लेकर सरकार से जवाब भी मांगा था।
सत्यापन के बाद ही दिया जा सकेगा सेवादार
जेल प्रशासन के नए एसओपी के अनुसार जेल में इलाजरत उच्चस्तरीय बंदी के लिए जेल के बंदी को ही सेवादार के रूप में लगाया जाता है। जब वह बंदी जेल से बाहर किसी अस्पताल में इलाज के लिए जाएगा तो वहां दो निजी सेवादार को रख सकेगा, जिसकी अनुमति जेल प्रशासन देगा। सेवादार रखने की अनुमति केवल लाचार बंदी को ही मिलेगी। वह सेवादार स्वच्छ छवि का होना चाहिए। जेल अधीक्षक संबंधित जिले के एसएसपी-एसपी से अनुरोध कर उस सेवादार के चरित्र का सत्यापन कराएंगे। वैसे बंदी जिनपर देशद्रोह, राजद्रोह, उग्रवाद, नक्सलवाद, संगठित अपराध, आतंकवाद के मामले दर्ज होंगे, उन्हें सेवादार नहीं मिलेगा।