मधुपुर उप चुनाव में 10 अप्रैल से प्रचार शुरू करेगा राजद, बनाई 12 सदस्यीय टीम
Madhupur By Election Jharkhand News राजद प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से पत्राचार कर कैंप में शामिल होने वाले पार्टी के नेताओं की सूची सौंपी। बताया कि मधुपुर उप चुनाव के लिए 11 अप्रैल को मधुपुर में देवघर राजद जिला कार्यकारिणी एवं प्रखंड अध्यक्षों की बैठक होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Madhupur By Election, Jharkhand News मधुपुर उप चुनाव में 10 अप्रैल से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अपने दल-बल के साथ महागठबंधन के प्रत्याशी हफीजुल हसन के प्रचार-प्रसार में उतरेगा। इसके लिए प्रदेश राजद के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक वरिष्ठ नेताओं की 12 सदस्यीय टीम तैयार की गई है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पत्राचार कर कैंप में शामिल होने वाले पार्टी के नेताओं की सूची सौंप दी है। प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि मधुपुर उप चुनाव के लिए 11 अप्रैल को मधुपुर में देवघर राजद जिला कार्यकारिणी एवं प्रखंड अध्यक्षों की बैठक होगी। बैठक में मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले कुल 87 पंचायतों के 487 मतदान केंद्रों पर प्रचार के लिए राजद कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी सोंपी जाएगी।
मधुपुर उप चुनाव में प्रचार-प्रसार के लिए यह है राजद की 12 सदस्यीय टीम
अभय कुमार सिंह (प्रदेश अध्यक्ष), सत्यानंद भोक्ता (मंत्री, झारखंड सरकार), राधाकृष्ण किशोर (पूर्व मंत्री), सुरेश पासवान (पूर्व मंत्री), घूरण राम (पूर्व सांसद), संजय सिंह यादव (पूर्व विधायक), संजय प्रसाद यादव (पूर्व विधायक), सुभाष यादव (पूर्व सांसद, प्रत्याशी), रंजन कुमार (युवा प्रदेश अध्यक्ष), मोहम्मद इम्तियाज हुसैन वारसी (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष), मोहम्मद खालीद खलील (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी) व विजय राम (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी)।
मधुपुर का रुख करेगी सरकार
मधुपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां अब चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही तेज होती जा रही हैं। सत्ताधारी दलों के साथ-साथ विपक्ष के लिए अहम माने जा रहे उपचुनाव में दोनों ही ओर से सधे अंदाज में रणनीति तैयार की जा रही है और उसे मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस क्रम में यूपीए खेमा अपने तमाम शीर्ष नेताओं के साथ-साथ पूरे मंत्रिमंडल को उतारने की तैयारी कर रहा है। वहीं, भाजपा प्रदेश के अपने शीर्ष नेताओं की टोली सात अप्रैल के बाद उतारेगी।
मधुपुर उपचुनाव की तस्वीर पूरी तरह से स्पष्ट है, यहां मुकाबला यूपीए बनाम एनडीए है। सीधे चुनाव की रणनीति भी सीधी-सी है, राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साधा जा रहा है। मधुपुर उपचुनाव के दौरान ज्यादातर मंत्री और विधायक वहां कैंप करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा के कद्दावर नेताओं ने भी दम लगा रखा है। बताया जा रहा है प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सात अप्रैल के बाद सीधे बंगाल से वहां पहुंचेंगे। प्रदेश के अन्य शीर्ष नेताओं की टोली की भी जवाबदेही तय की गई है।