तेजप्रताप-ऐश्वर्या विवाद से तनाव में लालू, सुबह देर से जागे-भोजन भी समय से नहीं किया Ranchi News
Lalu Prasad. राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पटना में घर में चल रहे बेटे और बहू के विवाद के कारण तनाव में हैं। इसे लेकर लालू का खान-पान समय से नहीं हो रहा है।
रांची, जासं। रिम्स के पेइंग वार्ड में अपनी बीमारियों का इलाज करा रहे चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की दिनचर्या में सोमवार को बदलाव दिखा। लालू के घर में बहू ऐश्वर्या को लेकर तनाव लगातार जारी है। इसे लेकर लालू का खान-पान समय से नहीं हो रहा है। जानकारी के अनुसार पारिवारिक तनाव के कारण रविवार की रात वे देर से सोए और सोमवार को जागने में भी देरी हुई।
ऐसे में अन्य दिनचर्या भी देर से शुरू हुई। पेइंग वार्ड में उनकी देखरेख कर रहे राजद के प्रदेश महासचिव इरफान अंसारी ने बताया कि देर से उठने के कारण उन्होंने सुबह का नाश्ता और दोपहर का खाना भी देर से लिया। तनाव की बात पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनसे कोई बात नहीं हुई है। हां घर की बात है और जैसी मीडिया में खबर आ रही है उसके अनुसार किसी का भी परेशान होना स्वाभाविक है।
वे तनाव में हैं। वे अपने कमरे से भी नहीं निकले। इधर, उनका इलाज कर रहे डॉ. डीके झा ने कहा कि लालू प्रसाद की सेहत सामान्य है। बीपी व शुगर की जांच की गई। वह नॉर्मल है। डॉक्टर ने उन्हें दिनचर्या में बदलाव करने से मना किया है। डॉक्टर के अनुसार अगर उनकी दिनचर्या में बदलाव होता है तो इसका असर उनकी सेहत पर पड़ सकता है।