Ranchi, 5th International Yoga Day 2019 की 10 खास बातें, शुभारंभ से समापन तक...
Ranchi 5th International Yoga Day 2019. रांची में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागीदारी की।
रांची, [जागरण स्पेशल]। International Yoga Day 2019 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अगुआई में 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Day of Yoga 2019) का आयोजन शुक्रवार को रांची के प्रभात तारा मैदान में किया गया। ऐतिहासिक पल के गवाह बने झारखंड की राजधानी में अहले सुबह 3 बजे से ही योग प्रतिभागियों का हुजूम अपने चहेते पीएम (Narendra Modi) के साथ योग करने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़ा। रांची की मेजबानी से गदगद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश-दुनिया काे बधाई देते हुए कहा कि झारखंड की खूबसूरती उन्हें बार-बार यहां बुलाती है।
मुख्य कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ देशी-विदेशी मेहमानों समेत 30,000 से अधिक योगप्रेमियों की भागीदारी रही। 45 मिनट के इस कार्यक्रम में कुल 13 योग आसन और तीन प्राणायाम किए गए। पीएम ने इस मौके पर कहा कि योग मजहब-जाति से परे है। इसे गरीबों के बीच ले जाना है। आम आदमी को योग को अपने दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। आइए जानते हैं शुभारंभ से समापन तक Ranchi, 5th International Yoga Day 2019 की 10 खास बातें...
- 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को योग दिवस की बधाई दी। झारखंड की राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में शिरकत करते हुए उन्होंने कहा कि योग धर्म और जाति से ऊपर है। इसे आदमी के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है।
- पीएम मोदी ने योग दिवस पर जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि योग से हम गंभीर बीमारियों से निजात पा सकते हैं। योग दिवस पर पीएम ने शांति, समृद्धि और सद्भाव का संदेश देते हुए कहा कि झारखंड की राजधानी रांची में इसके मनाए जाने के विशेष मायने हैं।
- 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में शामिल होने के लिए पीएम मोदी गुरुवार रात को ही रांची पहुंचे। राजभवन में रात्रि विश्राम के बाद पीएम ने रांची की मेजबानी में आयोजित कार्यक्रम में 30 हजार से अधिक लोगों के साथ करीब एक घंटे तक योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
- योग दिवस के जरिये देश-दुनिया में लंबी लकीर खींचने वाले पीएम मोदी ने इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास की सराहना की। बेहद कम समय में यादगार आयोजन के लिए पीएम ने रांची जिला प्रशासन की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की।
- पीएम के साथ योग करने के लिए स्कूली बच्चों और महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। रांची के प्रभात तारा मैदान में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सुबह 3 बजे से ही एंट्री शुरू हो गई थी। पांच बजे तक पूरा मैदान भर गया। 6:15 मिनट के बाद पीएम मोदी यहां पहुंचे। उनके साथ आयुष मंत्री श्रीपद यशो नाइक और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी समारोह को संबोधित किया।
- योग दिवस कार्यक्रम के बीच थोड़ी देर के लिए बूंदाबांदी भी हुई। मुख्य कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत पीएम मोदी ने कुछ समय लोगों के साथ बिताया। इस दौरान लोग पीएम के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिख रहे थे। पीएम जिस ओर भी गए उनकी तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने की होड़ मची रही।
- मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, नई दिल्ली के निदेशक डा. ईश्वर विश्वरेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही योग प्रतिभागियों को करीब 45 मिनट तक योगासन और प्राणायाम कराए। कार्यक्रम की शुरुआत में ध्यान का अभ्यास कराया गया। यहां पानी के बोतल, प्लास्टिक, काले कपड़े ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रहा है। प्रतिभागियों को खादी बोर्ड की ओर से मैट उपलब्ध कराया गया था।
- मुख्य कार्यक्रम को केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद यशो नाइक और सीएम रघुवर दास ने भी संबोधित किया। सीएम ने दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद रांची आगमन पर पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने झारखंड की सवा तीन करोड़ की जनता की ओर से पीएम का आभार जताया। पूरी दुनिया में योग का मान बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का गुणगान किया।
- इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम 'योग फॉर हार्ट केयर' रहा। इसके लिए विधानसभा मैदान में एक चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर साल 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब तक चार बार मनाया जा चुका है। भारत में रांची से पूर्व 2018 में देहरादून, 2017 में लखनऊ, 2016 में चंडीगढ़ और 2015 में नई दिल्ली में योग दिवस पर इस तरह मुख्य कार्यक्रम का वृहत आयोजन हो चुका है।
- रांची के प्रभात तारा मैदान में दिव्याग बच्चे भी 5वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में शिरकत करने पहुंचे। ये उत्साही बच्चे योग के कठिन आसनों को लेकर बेहद सहज दिख रहे थे। यहां सुबह 3:00 बजे से ही योग प्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह 5:20 बजे तक लगभग 80% लोग अपना स्थान ग्रहण कर चुके थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप