KBC में अमिताभ बच्चन ने पूछा झारखंड से जुड़ा यह सवाल, क्या आप जानते हैं इसका जवाब
Kaun Banega Crorepati 2020 झारखंड के सबसे प्रसिद्ध स्थल से जुड़ा हुआ यह सवाल वैसे तो लाखों लोगों को पता है लेकिन केबीसी की प्रतिभागी ओड़िशा की रहने वाली अवंति मोहंती दास ने इसके लिए लाइफलाइन का इस्तेमाल किया।
रांची, जेएनएन। केबीसी का 12वाँ सीजन चल रहा है। 28 सितंबर से इस सीजन का प्रारंभ हो गया है। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा पेश किए जा रहे क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति में गुरुवार एक अक्टूबर को प्रसारित कार्यक्रम में झारखंड से जुड़ा सवाल पूछा गया। वह भी झारखंड के सबसे प्रसिद्ध स्थल से जुड़ा हुआ। वैसे तो यह सवाल लाखों लोगों के लिए बहुत ही आसान है, लेकिन केबीसी की प्रतिभागी ओड़िशा की रहने वाली अवंति मोहंती दास को इस सवाल का जवाब नहीं पता था।
उन्होंने केबीसी के खेल में लाइफलाइन लेकर इसका जवाब दिया और 10 हजार रुपये का पहला पड़ाव पार किया। दुर्भाग्यपूर्ण रूप से अवंति 10वें सवाल का सही जवाब नहीं दे सकी और नीचे गिर कर 10 हजार रुपये की इनामी राशि ही जीत सकीं। हालांकि उनके पास एक लाइफलाइन बची हुई थी।
अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठी अवंति के सामने पांचवें प्रश्न के रूप में कंप्यूटर महाशय ने सवाल रखा कि बारह ज्योतिर्लिंगों में से किसे बाबा धाम या बैद्यनाथ धाम कहा जाता है। इसके जवाब में चार विकल्प दिए गए थे। ए- देवघर, बी- कोडरमा, सी- गिरिडीह और डी- धनबाद। अवंति को इसका जवाब नहीं पता था। उन्होंने फोन अ फ्रेंड के लाइफ लाइन के माध्यम से इसका जवाब हासिल किया। उनके फोन अ फ्रेंड विकास ने इस प्रश्न का सही जवाब विकल्प ए-देवघर दिया। इसके सहयोग से अवंति ने 10 हजार रुपये का पहला पड़ाव पार किया।
अवंति के सामने कंप्यूटर महाशय ने जो पांचवां सवाल रखा, उसका जवाब उन्हें पता नहीं था। इसके बाद उन्होंने फ्लिप द क्वश्चन लाइफ लाइन का प्रयोग किया। इसके तहत उन्होंने रिलिजन क्लचर एंड मायथालॉजी विषय के तहत सवाल की मांग की। इसमें अमिताभ बच्चन ने झारखंड से जुड़ा यह खास सवाल पूछा। अवंति ने फोन अ फ्रेंड लाइफ लाइन के तहत वीडियो कॉल के जरिये इस सवाल का जवाब पाया।
यहां बता दें कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम बहुत ही प्रसिद्ध स्थल है। यहां प्रत्येक वर्ष सावन के महीने में लाखों शिव भक्त जलार्पण करने आते हैं। नंगे पांव वे लगभग 90 किलोमीटर की यात्रा करते हैं। इसके अलावा बाबा भोलेनाथ के भक्त कांवर लेकर भी जलार्पण करने जाते हैं। यहां का विश्व प्रसिद्ध श्रावण मेला और कांवर यात्रा देखना एक सुखद अनुभूति देता है। बहरहाल इस वर्ष 2020 में सावन के महीने में श्रावण मेला और कांवर यात्रा का आयोजन कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को देखते हुए नहीं हो सका।