KBC में बिहार की प्रतिभागी से पूछा गया लोकनायक जयप्रकाश से जुड़ा यह सवाल, क्या आपको पता है जवाब
Kaun Banega Crorepati गुरुवार को प्रसारित एपिसोड में बिहार के पटना से आई प्रतिभागी सीमा कुमार के सामने कंप्यूटर महाशय ने भारत छोड़ो आंदोलन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सवाल रखा। इसमें लोकनायक जयप्रकाश नारायण का खास संबंध है।
रांची, जेएनएन। कौन बनेगा करोड़पति क्विज शो में झारखंड से जुड़े सवाल लगातार पूछे जा रहे हैं। एक बार फिर इस शो में हजारीबाग से जुड़ा सवाल पूछा गया। 8 अक्टूबर को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि थी। यह संयोग ही रहा कि जेपी आंदोलन के सेनानी रहे लोजपा नेता रामविलास पासवान का इसी दिन निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री पासवान के निधन की जब खबर आई, उसके कुछ ही देर बाद सोनी टेलीविजन पर प्रसारित होने वाला क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति शुरू हुआ।
अमिताभ बच्चन द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे इस लोकप्रिय शो में जेपी यानि जयप्रकाश नारायण से जुड़ा ऐसा सवाल पूछा गया जिसका संबंध हजारीबाग जेल से है। दरअसल 8 अक्टूबर गुरुवार को प्रसारित एपिसोड में बिहार के पटना से आई प्रतिभागी सीमा कुमार के सामने कंप्यूटर महाशय ने भारत छोड़ो आंदोलन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सवाल रखा।
6 लाख 40 हजार रुपये के लिए पूछा गया यह सवाल था कि 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण इनमें से किस जेल से अपने साथियों के साथ भागने में सफल रहे थे। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे। ए- बिरसा मुंडा जेल, बी- हजारीबाग जेल, सी- घाघीडीह जेल, डी- राजमहल जेल। बिहार की प्रतिभागी सीमा कुमारी ने इस सवाल का सही जवाब विकल्प बी हजारीबाग जेल दिया और 6 लाख 40 हजार रुपये जीते।
अमिताभ बच्चन ने इस सवाल के संबंध में कहा कि 1942 भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान जयप्रकाश को पकड़कर हजारीबाग सेंट्रल जेल में रखा गया था। उस वक्त जयप्रकाश नारायण ने अपने साथियों के साथ जेल से भागने की योजना बनाना शुरू कर दी थी। जब नवंबर 1942 की दीपावली के दिन गार्ड त्योहार की वजह से छुट्टी पर थे, तो वे हजारीबाग जेल की दीवार फांदकर भागने में कामयाब रहे।
हालांकि सीनियर ऑडिटर के पद पर कार्यरत सीमा कुमारी 12वें सवाल का सही जवाब नहीं जानती थी। उन्होंने खेल को क्विट करना बेहतर समझा और 6 लाख 40 हजार रुपये लेकर वापस लौटीं।