Jharkhand Politics: करणी सेना की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजेता वर्मा आजसू में शामिल
Jharkhand Politics विजेता वर्मा ने कहा कि उन्हें आजसू पार्टी की नीति और सिद्धांतों पर पूर्ण भरोसा है। आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो ने इस मौके पर कहा कि विजेता वर्मा एवं उनके समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से सामाजिक न्याय आंदोलन को और बल मिलेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Politics करणी सेना की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं युवा सहयोग समिति, झारखंड की अध्यक्ष विजेता वर्मा ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ आजसू का दामन थाम लिया है। आजसू के हरमू स्थित मुख्यालय में विजेता वर्मा ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की। आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो ने इस मौके पर कहा कि विजेता वर्मा एवं उनके समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से सामाजिक न्याय आंदोलन को और बल मिलेगा। इस मौके पर विजेता वर्मा ने कहा कि उन्हें आजसू पार्टी की नीति और सिद्धांतों पर पूर्ण भरोसा है।
आजसू पार्टी युवाओं की पार्टी है और युवा सहयोग समिति के माध्यम से झारखंड के युवाओं को हक एवं अधिकार दिलाने की मुहिम के प्रयास जो उन्होंने शुरू किए थे, उसे अब और बल मिलेगा। मिलन समारोह में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, केंद्रीय प्रवक्ता जयंत घोष, महिला प्रदेश अध्यक्षा वायलट कच्छप, रांची महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा, महिला मोर्चा की केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी, संतोष कुमार सोनी इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
झारखंड के खनन क्षेत्रों में 6533 करोड़ खर्च करेगा केंद्र : जोशी
झारखंड के खनन क्षेत्रों में खनन कार्यों से प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य, पेयजल मुहैया कराने और अन्य कल्याणकारी कार्यों पर केंद्र सरकार 6533 करोड़ रुपये खर्च करेगी। झारखंड में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड के तहत 6533 करोड़ रुपये जनवरी 2021 तक जमा हो चुके हैं और इस राशि में से 2764.69 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को लोकसभा में जानकारी दी कि यह राशि स्वास्थ्य, जलापूर्ति, बुजुर्ग एवं दिव्यांग लोगों पर खर्च की गई है। इसके अलावा 219.22 करोड़ रुपये ऐसे क्षेत्रों के वातावरण में सुधार से संबंधित परियोजनाओं पर खर्च किए गए हैं। ऊर्जा एवं वाटरशेड प्रोजेक्ट पर भी राशि व्यय की गई है।