Durga Puja 2019: मां दुर्गा की भक्ति से ओत-प्रोत हुई रांची, श्रद्धालुओं ने किया कन्या पूजन
Durga Puja. महाअष्टमी पर श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से मां महागौरी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में कन्या पूजन किया गया।
रांची, जासं। शहर में आज रविवार को महाअष्टमी की पूजा की जा रही है। पूरी रांची मां दुर्गा की भक्ति से ओत-प्रोत हो गई है। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से मां महागौरी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में कन्या पूजन किया गया। चुटिया राम मंदिर, देशप्रिय क्लब आदि पूजा पंडालों मे पूरी श्रद्धा से कन्या पूजन किया गया।
इधर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिवाजी नगर कोकर रांची महानगर की ओर से महाष्टमी के शुभ अवसर पर 71 कन्याओं का पद प्रछालन कर, श्रृंगार और आरती पूजन कर भोजन कराया गया। इसके बाद यथासंभव उपहार एवं दक्षिणा देकर विदा किया गया।
कन्या पूजन में रांची के प्रसिद्ध समाजसेवी विष्णु गोयल, रिम्स के डॉक्टर सह प्रोफेसर आशुतोष कुमार, अक्षय प्रसाद सिंह, राम उदित, मनोरंजन दास, विश्वनाथ पंडित, बालेश्वर पंडित, मोती साहू, सुनील कुमार, अनिस कुमार सहित कई स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। भोजन सामग्री स्थानीय महिलाएं अपने घर से लाईं थी।