रांची में सरस मेले की धूम, खूब बिकी खादी
रांची के मोरहाबादी में चल रहे खादी मेले के दूसरे दिन खादी की खूब बिक्री हुई। मेले में देशभर से करीब 1100 स्टॉल लगे हुए हैं। 14 हैंगर लगाए गए है।
जासं, रांची :मोरहाबादी मैदान में लगे खादी एवं सरस मेले के दूसरे दिन गुनगुनी धूप में लोगों ने खूब आनंद लिया। फव्वारे के पास लोग सेल्फी लेते नजर आए तो कोई मित्रों के साथ फोटो सेशन में व्यस्त था।
जब कनकनी का एहसास हो रहा था तब लोग कतार से लगे फूड स्टालों पर कुल्हड़ चाय का आनंद लेते नजर आए। यहां रबड़ी से लेकर राजस्थानी कुल्फी सब कुछ है। मेले में इस बार काफी फेरबदल किया गया है। दर्शनीय बनाने की पूरी कोशिश की गई है। जाडे़ की खिली धूप में और गहराती सांझ में यहां देश के कोने-कोने से आए लोक कलाकार मनोरंजन भी कर रहे हैं।
असम का बिहू नृत्य और झारखंड का छऊ नृत्य का लोगों ने खूब आनंद लिया। गायकी का दौर भी चला। बच्चे झूले का आनंद तो ले ही रहे थे।
मेले में खादी का चढ़ा रंग : मेले में खादी का रंग चढ़ा है। यहां छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान के स्टाल पर खादी के वस्त्र से लेकर कई तरह के उत्पाद भी हैं। शहद से लेकर अन्य चीजें।
वहीं, मोदी बंडी, कंबल, कपड़ा, सिल्क की साड़ी, सिल्क का कुर्ता, तसर आदि देख सकते हैं। यहां खादी वस्त्रों पर छूट भी दी जा रही है। वैसे, यहां उत्तराखंड का भी स्टाल है। कपड़ों की कमी नहीं। हर रेंज में। जाड़े को देखते हुए।
कश्मीर के शाल और ड्राइ फूड : मेले में इस बार कश्मीर के काफी स्टाल लगे हुए हैं। हर हैंगर में कश्मीर के वस्त्र मिल जाएंगे। यही नहीं, कश्मीर की मेवा और ड्राइ फूड भी बिक रहा है।
इसकी खूब मांग है। काफी भीड़ स्टालों पर देखी गई। शाल, कंबल, जैकेट से लेकर टोपी, मोजा, मफलर भी ले सकते हैं।
झारक्राफ्ट पर 70 प्रतिशत तक छूट :मेले में झारक्राफ्ट का स्टाल भी लगा हुआ है। यहां 70 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। यहां सिल्क, तसर और डिजाइनदार बंडी, कुर्ता, शर्ट आदि है। खूबसूरत और आकर्षक डिजाइनों में वस्त्र है। युवाओं के लिए कोट और बंडी भी है।
टीक की लकड़ी की कारीगरी : मेले में आइडल वूड क्राफ्ट के स्टाल पर टीक की लकड़ी की कारीगरी देख सकते हैं। हाथों का हुनर यहां बोलता नजर आ रहा है। टीक पर झारखंड की संस्कृति को जीवंत होते देख सकते हैं।
इसकी कीमत 70 हजार रुपये है। इसे बनाने में तीन महीने का समय लगा है। वहीं, यहां पर बैलगाड़ी भी है, जिस पर धान की बालियां लदी हैं। गांधीजी की प्रतिमा भी लकड़ी की बनी है।
प्रवेश टिकट पर निकला लकी ड्रा: शुक्रवार को खादी मेले में प्रवेश टिकट पर लकी ड्रा निकला। इसमें प्रथम अश्विनी कुमार को वाटर प्यूरीफायर, द्वितीय नगमा को इंडक्शन व तृतीय आश्मा टोप्पो को मिक्सी निकली है।