Murder in Ranchi: रांची के इटकी में झाविमो के पंचायत अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। घटना की जानकारी पाकर मांडर विधायक बंधु तिर्की भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढाढस बंधाया।
रांची, जासं। राजधानी रांची के इटकी थाना क्षेत्र के चिनारो गांव में झाविमो के पंचायत अध्यक्ष 26 वर्षीय राजू परधिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार की रात्रि करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। घटना की जानकारी पाकर मांडर विधायक बंधु तिर्की भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढाढस बंधाया।
बताया जाता है कि राजू परधिया पंचायत के ही डोला सुगदा के पुरनाडीह में आयोजित शादी समारोह से रात्रि 10 बजे घर लौटा था। घटना के समय राजू की मां शौच के लिए जा रही थी, तभी दो अज्ञात अपराधी घर में घुसे और सिर में गोली मार दी। इससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हालांकि गोली की आवाज सुनकर उसकी मां चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर राजू के छोटे भाई सोनू ने एक अपराधी को दबोच भी लिया, परंतु वह भागने में सफल रहा। इस दौरान अपराधी का शॉल छूट गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार राजू परधिया के दादा-दादी की भी वर्ष 2009 में हत्या कर उसके शव को जला दिया गया था।