Jharkhand Assembly Election 2019: झाविमो ने अपने 9 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की
Jharkhand Election. बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) ने झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नौ सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - सीट शेयरिंग को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्षी महागठबंधन के बीच चल रही खींचतान के बीच झाविमो ने शुक्रवार को प्रथम चरण की नौ सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। महागठबंधन को दरकिनार करते हुए राज्य के सभी 81 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लडऩे की घोषणा करने वाले बाबूलाल मरांडी ने प्रत्याशियों का चयन दो दिनों तक संबंधित विधानसभा के पदधारियों और कार्यकर्ताओं से राय मशविरा लेने के बाद किया है।
पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी के बेटे विजय कुमार केशरी को झाविमो ने भवनाथपुर से उतारा है। झाविमो के केंद्रीय प्रवक्ता अशोक वर्मा और सुनीता सिंह ने संयुक्त रूप से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। तिलेश्वर राम को चतरा, महात्मा उरांव को बिशुनपुर, रुद्र कुमार शुक्ला को पांकी, डा. राहुल अग्रवाल को डाल्टेनगंज तथा अंजू सिंह को विश्रामपुर का उम्मीदवार बनाया गया है।
इसी तरह धमेंद्र प्रकाश बादल को छतरपुर, बीरेंद्र कुमार को हुसैनाबाद तथा सूरज प्रसाद गुप्ता को झाविमो ने गढ़वा से उतारा है। लातेहार, गुमला, लोहरदगा और मनिका के लिए शीघ्र प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की बात कही है।