झारखंड में 234 चिकित्सा पदाधिकारियों की होगी नियुक्ति, भरे जा रहे हैं आनलाइन फार्म
झारखंड में 234 चिकित्सा पदाधिकारियों की होगी नियुक्ति। इसके लिए 11 जनवरी 2022 से आनलाइन फार्म भरे जा रहे हैं। जेपीएससी ने सीधी व बैकलाग नियुक्ति का अलग-अलग विज्ञापन निकाला है। रिक्त पदों के विरुद्ध पांच गुना से कम आवेदन मिलने पर केवल साक्षात्कार से होगी नियुक्ति।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के सरकारी अस्पतालों तथा स्वास्थ्य केंद्रों में 234 चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। इनमें 232 पद सीधी नियुक्ति तथा दो पद बैकलाग नियुक्ति के हैं। झारखंड लोक सेवा आयोग ने इन पदों पर नियुक्ति के लिए अलग-अलग विज्ञापन शनिवार को जारी कर दिया है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए 11 जनवरी 2022 से 09 फरवरी 2022 तक आनलाइन फार्म भरे जाएंगे, जबकि 09 और 10 फरवरी 2022 को आयोग का लिंक परीक्षा शुल्क के भुगतान के लिए खुला रहेगा।
एक साल का इंटर्नशिप अनिवार्य योग्यता
चिकित्सा पदाधिकारियों के मूल पद पर होनेवाली नियुक्ति के लिए एमबीबीएस तथा मान्यता प्राप्त अस्पताल में एक साल का इंटर्नशिप अनिवार्य योग्यता रखी गई है। नियुक्ति लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार के आधार पर होगी। रिक्त पदों के विरुद्ध पांच गुना से कम आवेदन मिलने पर केवल साक्षात्कार के आधार पर नियुक्ति होगी।
साक्षात्कार में मैट्रिक योग्यता के लिए अधिकतम दस अंक
साक्षात्कार में मैट्रिक योग्यता के लिए अधिकतम दस अंक, बारहवीं के लिए 15 अंक, एमबीबीएस के लिए 55 अंक तथा साक्षात्कार के लिए 20 अंक रखे गए हैं। पूर्व के अनुभवों के अनुसार केवल साक्षात्कार के आधार पर ही नियुक्ति तय है, क्योंकि रिक्त पदों के विरुद्ध पांच गुना से काफी आवेदन आयोग को मिलते हैं। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने इन पदों पर नियुक्ति के लिए अनुशंसा पिछले साल आठ जुलाई को भेजी थी। अनुशंसा मिलने के इतने दिनों बाद इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई है।
किस श्रेणी में कितने पदों पर होगी नियुक्ति
- अनारक्षित : 101
- अनुसूचित जनजाति : 81
- अनुसूचित जाति : 13
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग : 10
- पिछड़ा वर्ग : 12
- आर्थिक रूप से कमजोर : 15