JPSC Exams: सिविल सेवा परीक्षाओं की संभावित तिथि फेल, कैलेंडर के हिसाब से नहीं हो रहीं परीक्षाएं
Jharkhand. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। जेपीएससी की परीक्षाएं समय पर नहीं हो पा रही हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड लोक सेवा आयोग में परीक्षाओं के आयोजन और परिणाम जारी होने में हाल के महीनों में तेजी आई है। इसके बावजूद परीक्षाएं कैलेंडर के अनुसार नहीं हो पा रही हैं। कई परीक्षाओं की संभावित तिथियां फेल हो गई हैं। छठी सिविल सेवा परीक्षा का साक्षात्कार भी संभावित तिथि पर आयोजित होने की संभावना नहीं है। हालांकि इसकी मुख्य परीक्षा की कॉपियां जांची जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक इसका परिणाम जारी नहीं हुआ है।
जेपीएससी के कैलेंडर के अनुसार, इस परीक्षा का साक्षात्कार चार से 16 फरवरी को संभावित है। जिला खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति का साक्षात्कार भी संभावित तिथि को नहीं हो पाया। इसका साक्षात्कार 18 से 19 जनवरी ही संभावित था। अब यह साक्षात्कार पांच फरवरी से शुरू हो रहा है। झारखंड लोक सेवा आयोग ने तीन वर्षों (2017-19) की सिविल सेवा परीक्षा संयुक्त रूप से आयोजित करने के लिए इसकी प्रारंभिक परीक्षा की भी संभावित तिथि 23 फरवरी की घोषणा कर दी थी।
लेकिन अभी तक इस परीक्षा की प्रक्रिया ही शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में तय है कि यह परीक्षा इस तिथि को नहीं हो पाएगी। आयोग ने इसकी मुख्य परीक्षा भी 18 से 21 अप्रैल संभावित कर दी थी। इधर, जेपीएससी सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) मुख्य परीक्षा समय पर लेने में सफल रहा। यह परीक्षा पांच से नौ जनवरी को आयोजित हुई।