Job in Jharkhand Technical University: झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में खाली पदों पर जल्द होगी नियुक्ति
Jharkhand University of Technology विश्वविद्यालय में व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन के लिए स्टीयरिंग कमिटी व एग्जामिनेशन बोर्ड का गठन किया जाएगा। टेक्निकल यूनिवर्सिटी में जल्द ही तीन प्रमुख सेंटर खोले जाएंगे। महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर तदर्थ नियुक्तियां की जाएंगी।
रांची, जासं। झारखंड प्राकृतिक संपदा और कुशल मानव संसाधनों से भरा पड़ा है। इस दिशा में झारखंड तकनीकी विश्वविद्यालय काम करेगा। पहला पर्यावरण संरक्षण प्रयोगशाला और दूसरा जनजातियों के सशक्तिकरण के लिए अलग-अलग केंद्र शुरू करने को लेकर पहल की जाएगी। साथ ही उद्यमिता संवर्धन केंद्र को शुरू किया जाएगा। इससे स्वरोजगार की दिशा में कदम रखने वाले आइआइटी सहित अन्य क्षेत्रों के छात्रों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्हें इस दिशा के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
इसकी जानकारी झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वीसी पीके मिश्रा ने गुरुवार को संस्थान में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। विश्वविद्यालय में खाली पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने बताया कि व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन के लिए एक स्टीयरिंग कमिटी, एग्जामिनेशन बोर्ड, संकाय अध्यक्षों की नियुक्ति तथा महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर तदर्थ नियुक्तियां की जाएंगी, ताकि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में और बेहतर सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए शीघ्र ही एक प्रभावित शिकायत प्रकोष्ठ बनाकर हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र में पूरे झारखंड राज्य की तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत दो गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, 3 पीपीपी मोड के इंजीनियरिंग कॉलेज, 11 प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज, 17 सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, दो फार्मेसी कॉलेज, 18 आर्किटेक्चर कॉलेज और एक होटल प्रबंधन कॉलेज है। इन तमाम कॉलेजों को बेहतरीन तरीके से चलाने की जिम्मेदारी उन्हें मिली है। इसी के तहत वह नए सत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर काम करेंगे और एक नई उपलब्धि हासिल करेंगे।