झामुमो कार्यकारिणी समिति की बैठक 3 अप्रैल को, मधुपुर विधानसभा उपचुनाव पर होगी चर्चा
Jharkhand Political Update झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक तीन अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास में होगी। इस बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन करेंगे। बैठक में राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Political Update झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति और विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक तीन अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास के सभाकक्ष में होगी। बैठक की अध्यक्षता झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन करेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बताया कि दोनों बैठकों में राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति, कई प्रांतों में हो रहे विधानसभा चुनाव और सांगठनिक विषयों पर चर्चा होगी। केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक सुबह 10.30 बजे आरंभ होगी, जबकि विधायक दल की बैठक दोपहर ढाई बजे तलब की गई है।
मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बनेगी रणनीति
झारखंड मुक्ति मोर्चा की दोनों बैठकों में मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। यहां से मंत्री हफीजुल हसन को प्रत्याशी घोषित किया गया है। विधायक बनने से पूर्व ही उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने कैबिनेट में शामिल किया था। मधुपुर सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा हर हाल में कब्जा बनाए रखने की कोशिश करेगा। बैठक में उपचुनाव के मद्देनजर चुनाव प्रचार अभियान की रूपरेखा तय की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे। वे मधुपुर में कैंप कर झामुमो प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करेंगे।