बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो देगा प्रत्याशी
रांची झारखंड में भाजपा को हराकर सत्ता पर काबिज हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के हौसले बुलंद हैं। मोर्चा ने सोमवार को यहां बिहार विधानसभा चुनाव में 12 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की।
रांची : झारखंड में भाजपा को हराकर सत्ता पर काबिज हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के हौसले बुलंद हैं। मोर्चा ने सोमवार को यहां बिहार विधानसभा चुनाव में 12 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की। महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टंाचार्य ने दावा किया कि तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, बांका, ठाकुरगंज, रूपौली, रामपुर, बनमनखी, जमालपुर, पीरपैंती और चकाई विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है। गौरतलब है कि 2005 के विधानसभा चुनाव में झामुमो के प्रत्याशी ने चकाई विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
जिन सीटों पर झामुमो की दावेदारी है, वे झारखंड की सीमा से सटे हैं। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार में झामुमो का चुनाव चिह्न तीर-धनुष जदयू की आपत्ति को देखते हुए जब्त कर लिया गया था। संगठन ने चुनाव चिह्न की मान्यता के लिए निर्वाचन आयोग का दरवाजा खटखटाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की बिहार राज्य कमेटी के पदाधिकारी बुधवार को चुनावी रणनीति के मद्देनजर कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन संग बैठक करने के लिए रांची आएंगे।
महासचिव सुप्रियो भट्टंाचार्य के मुताबिक बिहार में राजद के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर झामुमो चुनाव लड़ेगा। यह पूछे जाने पर कि बिहार में राजद 12 सीटें देने को तैयार होगा, उन्होंने कहा कि हाल ही में झारखंड विधानसभा के चुनाव के दौरान राजद को सात सीटें दी गई थी। सिर्फ एक सीट पर राजद के प्रत्याशी विजयी रहे। उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रिमंडल में जगह दी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर तालमेल पर सहमति नहीं बनेगी तो झामुमो फैसला लेने को स्वतंत्र होगा। गठबंधन को लेकर फिलहाल अनौपचारिक बातचीत चल रही है। जल्द ही साथी दलों की औपचारिक बैठक होगी, जिसमें झामुमो का प्रतिनिधि शामिल होगा। दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शासन का मॉडल बिहार में लोकप्रिय है और इसका लाभ झामुमो समेत गठबंधन में शामिल तमाम दलों को मिलेगा।
-------------