Kidnapping Case: झारखंड में झामुमो नेता के बेटे का अपहरण, रामगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
रामगढ़ के उरीमारी में झामुमो नेता व जिला परिषद सदस्य संजीव बेदिया के 18 वर्षीय पुत्र का अपहरण कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश के लिए हजारीबाग के डीआइजी व एसपी उरीमारी पहुंचे हैं।
रामगढ़, जासं। झारखंड के रामगढ़ से बड़ी खबर आ रही है। रामगढ़ जिले के उरीमारी में झामुमो नेता व जिला परिषद सदस्य संजीव बेदिया के 18 वर्षीय पुत्र का अपहरण कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश के लिए हजारीबाग के डीआइजी व रामगढ़ के एसपी उरीमारी पहुंचे हैं। अपहृत किशोर के परिजनों से पूछताछ जारी है। इधर झामुमो नेता के अगवा किए गए बेटे की सकुशल बरामदगी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अपहरण कांड में शामिल रहे संदिग्धों की पहचान तेज कर दी गई है।
झामुमो केंद्रीय सचिव व जिप सदस्य के पुत्र का अपहरण, दोपहर से है लापता
झामुमो के केंद्रीय सचिव व जिला परिषद सदस्य संजीव बेदिया के 18 वर्षीय पुत्र पीयुष रविवार को दोपहर से लापता है। उसके अपहरण होने की आशंका से पूरे इलाके में खलबली मच गई है। रामगढ़ जिला सीमा क्षेत्र से सटे हजारीबाग जिला अंतर्गत उरीमारी जरजरा निवासी झामुमो नेता संजीव बेदिया के पुत्र के साथ किसी अनहोनी की आशंका से पूरा परिवार हलकान हैं। परिवार के लोग अपहरण की आशंका से दहशत में हैं। पीयुष रांची स्थित कॉलेज में बीए पार्ट वन का छात्र है।
सूचना पाकर देर शाम हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआईजी अमोल वेणुकांत होमकर व हजारीबाग एसपी एस कार्तिक सहित भारी संख्या में पुलिस बल संजीव बेदिया के उरीमारी जरजरा स्थित सीसीएल क्वार्टर पहुंचकर छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने संजीव बेदिया, उनकी पत्नी व बेटे के दोस्तों से भी पूछताछ की है। संजीव बेदिया की पत्नी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि आज दोपहर एक बजे उनका 18 वर्षीय पुत्र पीयुष क्वार्टर के बाहर बैठा था। दोपहर करीब दो बजे खाने के लिए पूछने बाहर आई तो उसे गायब पाया।
इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अपने पति संजीव बेदिया को मोबाइल पर दी, जो उस वक्त वे रांची में थे। सूचना पाकर वे भी सीधे अपने आवास पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना के बाद पुलिस अधिकारी शाम से ही हरकत में आ गए। पीयुष का मोबाइल बंद है, इससे पुलिस को उसके लोकेशन में परेशानी आ रही है। वैसे रामगढ़ व हजारीबाग जिला के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। दोनों जिला की पुलिस अपनी ओर से पीयुष की टोह लेने में जुटी है।
पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है। चूंकि परिवार के किसी भी सदस्य को अब तक किसी तरह का फोन नहीं आया है। इसलिए पुलिस उसे लापता मानकर चल रही है। वैसे रामगढ़ व हजारीबाग जिला के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। संजीव बेदिया व उनकी पत्नी से भी उनके पुत्र के संबंध में पूछताछ की गई है। साथ ही उसके दोस्तों के संबंध में भी जानकारी ली गई है। अमोल वेणुकांत होंकर, डीआईजी, हजारीबाग।