Jharkhand Weather Updates: 18 से 23 जुलाई तक झारखंड में होगी बारिश, वज्रपात का भी अलर्ट
Jharkhand Weather Updates News. रांची और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है। 20-21 जुलाई को मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रांची, जासं। Jharkhand Weather Report पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मानसून की स्थिति कमजोर रही है। इससे राज्य में कुछ स्थानों को छोड़कर कहीं भी तेज बारिश नहीं हुई। लेकिन मौसम विभाग के द्वारा 18 से 23 जुलाई तक के लिए अलर्ट जारी किया गया है। रांची एवं आसपास के इलाकों में बारिश होगी। इधर, आज दोपहर में रांची में हल्की बारिश हुई। इससे पिछले दो-तीन दिनों से गर्मी झेल रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि बारिश के बाद भी तापमान में गिरावट दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग ने 18, 19 और 22, 23 जुलाई को येलो अलर्ट और 20, 21 तारीख को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पांच दिनों तक पूरे राज्य में वज्रपात की संभावना भी जारी की गयी है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को झारखंड के उत्तर पूर्व में और 21 जुलाई को उत्तर पूर्व और मध्यवर्ती इलाके में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
अगले दो-तीन दिनों तक तापमान के सामान्य से कुछ अधिक रहने की संभावना है। राज्य में 1 जून से 17 जुलाई तक 343.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान औसत रूप से 376.6 मिमी बारिश होती है। इस तरह से राज्य में अब तक औसत से करीब नौ फीसदी कम बारिश हुई है। रांची और आसपास के इलाके में भी दिन और रात में सामान्यत: बादल छाये रहेंगे।
इसके साथ ही दिन में एक या दो बाद हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि आकाश में गर्जन वाले बादलों के कारण वज्रपात की भी संभावना रहेगी। रांची में एक जून से लेकर 17 जुलाई तक 337.8 मिमी बारिश हुई है। ये औसत बारिश से 15 मिमी कम है।
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रांची 31.8 24.2
जमशेदपुर 34.0 25.8
डालटनगंज 33.5 27.7