Jharkhand Weather Updates: झारखंड में 4 अगस्त से होगी जोरदार बारिश, रक्षाबंधन के दिन भी बारिश का अलर्ट
Weather Updates. बंगाल में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। राज्य में बारिश सामान्य से 13 प्रतिशत कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार रांची में 24 घंटों में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है
रांची, जासं। झारखंड में चार अगस्त से जोरदार बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके कारण चार और पांच अगस्त को पूरे राज्य में जमकर बारिश होगी। भारी बारिश के साथ ही वज्रपात की भी आशंका मौसम विभाग ने जताई है। साथ ही एक से तीन अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार व्यक्त किए गए हैं। इसके अलावा वज्रपात की संभावना बनी हुई है। रक्षाबंधन 3 अगस्त को है। इस बार रक्षाबंधन पर बारिश खलल डाल सकती है।
वहीं, शुक्रवार को रांची व आसपास के कई हिस्सों में दोपहर और शाम में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। बारिश के कारण आद्र्रता काफी बढ़ गई है। इसके अलावा तापमान में थोड़ी गिरावट भी आई है। मौसम विभाग के अनुसार रांची में पिछले 24 घंटों में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में मानसून सामान्य रहा। आज शनिवार को भी शहर में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने के साथ वज्रपात की संभावना है।
गुमला में अब तक सबसे कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 24 जिलों में से आठ जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। राज्य में सबसे कम बारिश गुमला में हुई है। यहां एक जून से 31 जुलाई तक 259.4 मिमी बारिश हुई है जो सामान्य से 55 प्रतिशत तक कम है। वहीं झारखंड में भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। झारखंड में 453 मिमी बारिश हुई है, हालांकि अभी तक यहां सामान्य बारिश 522.2 मिमी है।
शहर अधिकतम (डिग्री में) न्यूनतम बारिश (एमएम में)
रांची 31.6 24.8 13.0
जमशेदपुर 35.6 27.2 11.6
डालटनगंज 34.0 26.5 28.2