Jharkhand Weather Alert: इन इलाकों में गरज वाले बादल छाने की संभावना, हल्की बारिश-वज्रपात
Jharkhand Weather Alert Mousam Today राज्य के कई जिलों में आज गरज वाले बादल बनने की संभावना है। रविवार से रांची का मौसम फिर से साफ ही रहने की उम्मीद है। सात अप्रैल से मौसम में फिर से परिवर्तन होगा।
रांची, जासं। Jharkhand Weather Alert, Mousam Today शनिवार को राजधानी रांची में सुबह से तेज धूप निकली हुई है। सुबह हल्की हवा से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन में आंशिक रूप से गरज वाले बादल छाए रह सकते हैं। विभाग के द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि रांची, बोकारो, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, और सरायकेला-खरसावां में आंशिक रूप से गरज वाले बादल छाए रह सकते हैं।
इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना है। हालांकि विभाग ने इसके लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। रविवार से रांची का मौसम फिर से साफ ही रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि आज सबसे ज्यादा गर्मी पूर्वी सिंहभूूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में पड़ने की संभावना है। यहां का अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
इसके बाद सात अप्रैल से मौसम में फिर से परिवर्तन होगा। बंगाल की खाड़ी से उठने वाले ठंडी नम हवाओं के कारण राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जाएगी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाईबासा में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर का 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रांची 37. 2 19.8
जमशेदपुर 40.4 19.9
मेदिनीनगर 39.6 15.3