झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन का चुनाव एक नवंबर को, सभी जिलों में पड़ेंगे वोट
Jharkhand News 19 पदों के विरुद्ध 23 डॉक्टरों ने नामांकन भरा था। अब सिर्फ सचिव पद के लिए चुनाव होगा। बाकी निर्विरोध चुने जाएंगे। 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में मतदान होगा।
रांची, जासं। झासा स्टेट 2020 का चुनाव नजदीक आ गया है। आगामी 1 नवंबर को राज्य के सभी 24 जिलों में चुनाव निर्धारित है। चुनाव के मद्देनजर सभी जिलों में लॉजिस्टिक्स मिल चुके हैं। जिलों में पोस्टल वोटिंग की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, ताकि मत का सील लिफाफा नोडल अधिकारी तक पहुंच सके। उक्त जानकारी डॉ विमलेश सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि रांची जिले के लिए मतदान करमटोली चौक स्थित आइएमए हॉल में होगा। किसी भी जिले के सदस्य झासा सदस्यता के सत्यापन के बाद आइएमए हॉल में मतदान कर सकते हैं। 1 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में मतदान चलेगा। बताते चलें कि झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन (झासा) की राज्य कार्यकारिणी के लिए आगामी 1 नवंबर को चुनाव है। कुल 19 पदों के लिए होने वाले चुनाव में केवल दो पद अध्यक्ष व सचिव के लिए ही चुनाव होना था।
नाम वापसी के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के दो दावेदारों ने अपने नाम वापस ले लिए। अब अध्यक्ष पद भी निर्विरोध हो गया है। सिर्फ सचिव पद पर चुनाव होगा। कुल 19 में से 17 पदों के लिए कुल 17 लोगों ने ही नामांकन दाखिल किया है। इन पदों में ट्रेजरार व कन्वेनर के 1-1, वाइस प्रेसिडेंट के 8 और ज्वाइंट सेक्रेटरी के 7 पदों के लिए उतने ही आवेदन आए हैं, जितने पद हैं। ये सभी निर्विरोध निर्वाचित होंगे, अब इन पदों के लिए चुनाव नहीं होगा।
ये निर्विरोध चुने जाएंगे
जिन पदों पर जो निर्विरोध चुने जाएंगे उनमें डा सव्यसाची मंडल, ट्रेजरार, डा ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, कन्वेनर, वाईस प्रेसिडेंट (8 पद) डा शरद कुमार, डा स्वाति चैतन्या, डा साहिर पाल, डा राघवेंद्र नारायण शर्मा, डा कृष्ण मुरारी सिंह, डा रमण कुमार, डा अंशुमान सागर, डा प्रभात रंजन एवं ज्वाइंट सेक्रेटरी के 7 पदों के लिए डा विकास कुमार गुप्ता, डा बिमलेश कुमार, डा मुकुल कुमार, डा निकेत चौधरी, डा विजय किशोर रजक, डा राजीव कुमार एवं डा जीके हाजरा शामिल हैं।