Jharkhand SDM Transfer: झारखंड में 27 अधिकारी बने एसडीएम, मुमताज अंसारी चतरा व मनीष कुमार कोडरमा SDM
Jharkhand SDO Transfer News 7 आइएएस और 20 झाप्रसे के अधिकारी एसडीएम बनाए गए हैं। कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में शुक्रवार को 27 अधिकारियों को एसडीओ SDO यानि एसडीएम SDM की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें से 7 आइएएस IAS रैंक के अधिकारी हैं जबकि 20 झारखंड प्रशासनिक सेवा JAS स्तर के अधिकारी हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के 20 पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों में एसडीओ के तौर पर पदस्थापित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार अनंत कुमार बेरमो, जितेंद्र कुमार देव महागामा, मुमताज अंसार चतरा, सुरेंद्र कुमार धनबाद, रामकृष्ण कुमार सरायकेला, सत्यवीर रजक घाटशिला, जियाउल अंसारी गढ़वा, राजेश कुमार लिंडा रंका, अरविंद कुमार लाल लोहरदगा, हरिवंश पंडित राजमहल, जबकि रंजीत लोहरा चांडिल के एसडीओ बनाए गए हैं।
इसी तरह संजय पांडे को जामताड़ा, जयवर्धन कुमार को बंशीधर नगर, विद्या भूषण कुमार को हजारीबाग, शशिद्र कुमार बड़ाईक को चाईबासा, शंकर एक्का को जगन्नाथपुर, शेखर कुमार को लातेहार, महेंद्र कुमार को सिमडेगा, संजय पीएम कुजुर बसिया, जबकि अजय सिंह बड़ाईक मेदनीनगर सदर के एसडीओ बनाए गए हैं।
समीरा एस बनीं रांची की एसडीओ
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के सात अफसरों की पोस्टिंग विभिन्न अनुमंडलों में एसडीओ के तौर पर हुई है। इनमें से एक अधिकारी फिलहाल एसडीओ थे, जबकि बाकी सभी पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे थे। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह को धालभूम (पूर्वी सिंहभूम) का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा, पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत अभिजीत सिन्हा को अगले आदेश तक पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर का एसडीओ बनाया गया है। समीरा एस. रांची की एसडीओ बनी हैं, तो मनीष कुमार कोडरमा के। रवि आनंद को गुमला का एसडीओ बनाया गया है। ऋतुराज गोड्डा और दिनेश कुमार यादव देवघर के एसडीओ बनाए गए हैं।
अविनाश कुमार को ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार अपने कार्यों के अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक झारखंड ऊर्जा विकास निगम होंगे। इसके अलावा वे झारखंड बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। शुक्रवार को इस बाबत कार्मिक विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार को भवन निर्माण विभाग और झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की सचिव पूजा सिंघल के पास परीक्षा नियंत्रक, झारखंड संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद समेत सचिव, उद्योग विभाग तथा निदेशक, जियाडा का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। उद्योग विभाग के सचिव प्रवीण कुमार टोप्पो को स्थानांतरित करते हुए श्रम विभाग के सचिव पद पर पदस्थापित किया गया है।