14 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, 2 साल पहले मानव तस्करों ने दिल्ली में बेच दिया था Ranchi News
Jharkhand News नाबालिग रांची के नगड़ी की रहने वाली है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है।
रांची, जासं। राजधानी के रांची के नगड़ी इलाके की रहने वाली एक 14 साल की नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। घटना बीते 1 सितंबर की है। यह मामला बीते 6 सितंबर को सामने आया। इसके बाद मामले में केस दर्ज किया गया है। मामला तब संज्ञान में आया, जब पीड़िता ने एकीकृत पुनर्वास संसाधन केंद्र नई दिल्ली की टोल फ्री नंबर पर सूचना दी। इसके बाद रांची पुलिस को सूचना दी गई। दुष्कर्म की घटना रांची के नगड़ी में हुई है।
पुलिस की टीम और पुनर्वास संसाधन केंद्र के समन्वयक सुनील कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और पीड़िता को रेस्क्यू करा कर प्रेम आश्रम में रखवाया। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। सुनील गुप्ता के अनुसार पीड़िता का करीब 2 साल पूर्व ट्रैफिकिंग हुआ था। उसे दिल्ली में बेचा गया था। वह रेलवे चाइल्डलाइन की मदद से रांची वापस लाई गई थी।
यौन शोषण के आरोपित को दिल्ली पुलिस ने ठेठईटांगर से दबोचा
यौन शोषण मामले में आरोपित को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस सिमडेगा जिला के ठेठईटांगर पहुंच गई। ठेठईटांगर थाना पुलिस के सहयोग से उसने मंगलवार को आरोपित कोनमेंजरा गांव निवासी प्रफुल सोरेंग को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। प्रफुल्ल गुमला निवासी एक युवती को शादी का झांसा देकर कई महीनों तक दिल्ली में शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो वह दिल्ली से फरार हो गया। इसपर युवती ने दिल्ली के ही फतेहपुर थाने में आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। आरोपित को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है।