Jharkhand: IPS कमल नयन चौबे होंगे झारखंड के नए डीजीपी
Jharkhand. झारखंड कैडर के 1986 बैच के आइपीएस अधिकारी कमल नयन चौबे राज्य के नए डीजीपी बनेंगे। इसकी कवायद तेज हो गई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड कैडर के 1986 बैच के आइपीएस अधिकारी कमल नयन चौबे राज्य के नए डीजीपी बनेंगे। इसकी कवायद तेज हो गई है। फिलहाल चौबे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और बीएसएफ में एडीजी के पद पर पदस्थापित हैं। उन्हें झारखंड में वापस सेवा देने के लिए सरकार ने केंद्र से पत्राचार किया है। सूचना है कि उनके झारखंड आते ही डीजीपी के पद पर नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
फिलहाल एडीजी केएन चौबे व्यक्तिगत कार्य से अमेरिका गए हैं। सूचना है कि बुधवार की शाम तक वे रांची लौटेंगे। उनके आने के बाद ही अधिसूचना जारी होने की संभावना है। डीजीपी डीके पांडेय 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। गौरतलब है कि झारखंड से यूपीएससी को छह आइपीएस अधिकारियों के नाम व उनके दस साल का एसीआर भेजा गया था।
इनमें तीन नामों का चयन कर यूपीएससी ने झारखंड सरकार को वापस किया था, जिनमें सबसे ऊपर वीएच देशमुख (1986), उसके बाद केएन चौबे (1986) और तब नीरज सिन्हा (1987) का नाम था। वीएच देशमुख भी फिलहाल बाहर हैं और उन्होंने झारखंड आने से इन्कार किया है। अब रेस में सिर्फ केएन चौबे व एसीबी के डीजी नीरज सिन्हा ही बचे थे। इसमें केएन चौबे के नाम पर सहमति बनने के बाद सरकार ने इसकी सूचना केंद्र को भेज दी है। उनके झारखंड आने के बाद ही अधिसूचना निकलने की संभावना है।
बिहार के कैमूर जिले के रहने वाले हैं केएन चौबे
आइपीएस कमल नयन चौबे बिहार के कैमूर जिले के सुलतानपुर गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता उमाकांत चौबे भी प्रशासनिक सेवा में थे। दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़े और वहां पढ़ाए भी। फिलहाल बीएसएफ के एडीजी ऑपरेशन पद पर थे। उन्हें भारत-बांग्लादेश और भारत-पाक सीमा की निगरानी का अनुभव रहा है। 1986 बैच के आइपीएस हैं। इनके बड़े भाई राजीव नयन चौबे आइएएस हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप