झारखंड पुलिस कोरोना मुक्त होने के करीब, 42 पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों की जा चुकी है जान
झारखंड पुलिस अब कोरोना फ्री होने के करीब पहुंच चुकी है। नए संक्रमित नहीं आ रहे हैं। पूरे राज्य में अब सिर्फ नौ पुलिसकर्मी ही संक्रमित हैं जिनका इलाज चल रहा है। पूरे काेरोना काल में झारखंड पुलिस के 42 पुलिस पदाधिकारियों-कर्मियाें की जान जा चुकी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड पुलिस अब कोरोना फ्री होने के करीब पहुंच चुकी है। नए संक्रमित नहीं आ रहे हैं। पूरे राज्य में अब सिर्फ नौ पुलिसकर्मी ही संक्रमित हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पूरे काेरोना काल में झारखंड पुलिस के 42 पुलिस पदाधिकारियों-कर्मियाें की जान जा चुकी है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के आंकड़े के अनुसार पूरे कोरोना काल में राज्य के 7760 पुलिसकर्मी-पदाधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। इनमें से 7709 पुलिसकर्मी-पदाधिकारी स्वस्थ हो चुके हैं। 42 की जान गई और नौ वर्तमान में इलाजरत हैं।
पुलिस मुख्यालय से सौ फीसद टीकाकरण का दिया गया है लक्ष्य
राज्य पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों को यह निर्देश दिया गया है कि कोरोना वायरस का संक्रमण कम होने के बावजूद किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों में टीकाकरण सौ फीसद हो और उनके परिवार के सदस्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर टीका दिलाया जाय। इसके लिए पुलिस मुख्यालय से पूर्व में एक फार्म भी जारी किया था, जिसमें पुलिसकर्मी-पदाधिकारी, उनके माता-पिता, उनकी पत्नी व उनके बच्चों का ब्योरा देना था। परिवार के वैसे सदस्य जो 18 साल से ऊपर के हैं, उन्हें टीका लगा या नहीं, इससे भी पुलिस मुख्यालय को अवगत कराना था।