Jharkhand Police: अनुराग गुप्ता बन सकते हैं CID के एडीजी
Jharkhand Police. प्रशासनिक महकमे में सीआइडी के नए एडीजी के नाम पर अनुराग गुप्ता की चर्चा तेज है। सीआइडी के एडीजी का पद फिलहाल प्रभार में चल रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। प्रशासनिक महकमे में सीआइडी के नए एडीजी के नाम पर अनुराग गुप्ता की चर्चा तेज है। सीआइडी के एडीजी का पद फिलहाल प्रभार में चल रहा है। विशेष शाखा के एडीजी अजय कुमार सिंह के पास ही सीआइडी के एडीजी का प्रभार है। चुनाव कार्य से दूर होने रहने के निर्वाचन आयोग के निर्देश के चलते अनुराग गुप्ता रांची से बाहर थे। वे रांची आ गए हैं। उनके पदस्थापन पर सरकार की मुहर का इंतजार है। प्रबल संभावना है कि वे सीआइडी के एडीजी बन सकते हैं।
डीजीपी पद पर जितनी मुंह उतनी बातें
डीजीपी पद का असली हकदार कौन? इसपर जितनी मुंह उतनी बातें हो रही हैं। एक ग्रुप जहां एसीबी के डीजी नीरज सिन्हा (झारखंड 1987 बैच) को प्रबल दावेदार बता रहा है तो दूसरा ग्रुप बीएसएफ के डीजी केएन चौबे (झारखंड 1986 बैच) को। यह भी बताया जा रहा है कि इन दोनों ही अधिकारियों से वरिष्ठ वीएच देशमुख झारखंड आने को तैयार नहीं हैं। ऐसी स्थिति में केवल दो अधिकारियों केएन चौबे व नीरज सिन्हा ही डीजीपी की रेस में हैं। दोनों ही अधिकारी बेदाग छवि के हैं और तेजतर्रार हैं। अब गेंद सरकार के पाले में है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप