स्मार्ट सिटी के क्रियान्वयन में झारखंड देश में नंबर वन
Smart City. आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय की ओर से जारी की गई रैंकिंग में 100 स्मार्ट शहरों की प्रतिस्पर्धा में रांची तीसरे पायदान पर रहा।
रांची, राज्य ब्यूरो। स्मार्ट सिटी से जुड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुजरात और आंध्रप्रदेश को पछाड़कर झारखंड नंबर वन हो गया है। इससे इतर देश के 100 स्मार्ट शहरों की प्रतिस्पद्र्धा में रांची तीसरे पायदान पर है। नागपुर और भोपाल इस मामले में रांची से आगे है। आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय ने सोमवार को यह रैंकिंग जारी की है। करीब तीन महीने पूर्व जारी दो रैंकिंग में रांची का स्थान क्रमश: छठा और सातवां था।
राज्य स्तर की रैंकिंग में झारखंड को जहां 288.1 अंक मिले हैं। वहीं, गुजरात 162.54 तथा आंध्र प्रदेश 142.61 पर सिमट आया है। स्मार्ट शहरों की रैंकिंग में रांची को 288.14, जबकि नागपुर को 343.51 तथा भोपाल को 327.64 अंक मिले हैं। रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन लिमिटेड के सूत्रों के अनुसार क्षेत्र आधारित विकास योजनाओं के लिए लगभग 900 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं।
इनमें से 750 करोड़ रुपये की योजना ड्रेनेज सीवरेज और विद्युतापूर्ति को लेकर जारी किए गए हैं। जबकि 150 करोड़ रुपये का टेंडर राजधानी रांची के एचइसी स्थित कोर कैपिटल एरिया में प्रस्तावित स्मार्ट सिटी परिसर में कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर बहाल करने के लिए जारी किया गया है। विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के अफसरों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।