Jharkhand: पीएलएफआइ उग्रवादी तुलसी पाहन धराया, पुलिस कर रही पूछताछ
Jharkhand News उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। तुलसी पीएलएफआइ संगठन में एरिया कमांडर था। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में लेवी और रंगदारी मांगे जाने से जुड़े मामलों में उसकी गिरफ्तारी हुई है।
रांची, जासं। पीएलएफआइ उग्रवादी तुलसी पाहन को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी रांची के अनगड़ा इलाके से किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस तुलसी से पूछताछ कर रही है। उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। तुलसी पीएलएफआइ संगठन में एरिया कमांडर था।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में लेवी और रंगदारी मांगे जाने से जुड़े मामलों में उसकी गिरफ्तारी हुई है। इधर तुलसी की गिरफ्तारी के बाद पीएलएफआइ की ओर से एक पर्चा जारी कर पुलिस से कहा गया है कि जल्द से जल्द तुलसी को कोर्ट में प्रस्तुत करें अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। हालांकि तुलसी की गिरफ्तारी का खुलासा राज्य पुलिस ने अब तक नहीं किया है।
5 साल पहले पकड़ा गया था तुलसी पाहन
5 साल पहले रांची पुलिस ने तुलसी पाहन को उसके पांच अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय एक बड़े नेता की हत्या की साजिश रची गई थी। तुलसी पाहन के दस्ते के पकड़े जाने के साथ ही डीबीबीएल गन दो, देसी कट्टा तीन, देसी राइफल चार, 12 बोर का जिंदा कारतूस 22, 12 बोर का खोखा 03, .315 बोर की जिंदा गोली 16, .315 बोर का खोखा 02, विस्फोटक 55, 7.65 बोर की जिंदा गोली 05, मोबाइल 12, संगठन का नोटबुक 02, सादा पर्चा 20, पुलिस के खिलाफ लिखा हुआ पर्चा 02, लेवा मांगे जाने से संबंधित किताब 01, पिट्ठू 01, मोबाइल नंबर लिखी कॉपी 01 बरामद की गई थी।